हरियाणा

Kaithal: बोर्ड परीक्षाओं में ड्यूटी पर सख्ती, डीसी अपराजिता ने दिए निर्देश

Admindelhi1
24 Feb 2026 7:44 PM IST
Kaithal: बोर्ड परीक्षाओं में ड्यूटी पर सख्ती, डीसी अपराजिता ने दिए निर्देश
x

कैथल: डीसी अपराजिता ने कहा है कि 25 फरवरी से एक अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाली हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं और बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं को नकल रहित व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारी व कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से पालन करें और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीसी अपराजिता मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं।

उन्होंने कहा कि जिले में बोर्ड परीक्षाओं के लिए कुल 74 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर 17 हजार 305 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिनमें दसवीं कक्षा के 9,624 तथा बारहवीं कक्षा के 7,681 विद्यार्थी शामिल हैं। उड़नदस्तों का गठन, होगी सख्त निगरानी डीसी ने बताया कि परीक्षा को नकल रहित बनाने के लिए बोर्ड स्तर, एसडीएम स्तर और खंड शिक्षा अधिकारी स्तर पर फ्लाइंग स्क्वायड (उड़नदस्ते) गठित किए गए हैं। ये टीमें परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगी। एसडीएम और विभिन्न विभागाध्यक्षों की अगुवाई में गठित टीमें परीक्षा के दौरान पूरी तरह सतर्क रहेंगी। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, डिजिटल वॉच व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। विद्यार्थियों की एंट्री के दौरान सघन जांच सुनिश्चित की जाए।

पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, विशेषकर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए। जिला स्तर पर नियंत्रण एवं समन्वय के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कमेटी चौक में जिला कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश डीसी अपराजिता ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। परीक्षा से पूर्व सभी केंद्रों का निरीक्षण कर कमियों को समय रहते दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

बैठक में एडीसी डॉ. सुशील कुमार, कैथल एसडीएम गुरविंद्र सिंह, कलायत एसडीएम अजय हुड्डा, डीएसपी गुरविंद्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष, डीआईपीआरओ नसीब सिंह सैनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में धारा 163 लागू डीसी अपराजिता ने 25 फरवरी से एक अप्रैल 2026 तक आयोजित बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर जिला के सभी परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू करने के आदेश जारी किए हैं।

आदेशों के अनुसार परीक्षा अवधि के दौरान परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही इस दायरे में स्थित फोटोस्टेट की दुकानें भी परीक्षा अवधि तक बंद रहेंगी। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक या किसी भी प्रकार के संचार उपकरण परीक्षा केंद्र की परिधि में ले जाने पर पाबंदी रहेगी। यह आदेश परीक्षा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों और पुलिस बल पर लागू नहीं होंगे। आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Next Story