Kaithal: आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं का एसडीएम ने लिया जायजा

कैथल: कलायत क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को मिल रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं की स्थिति जानने के लिए एसडीएम अजय हुड्डा ने गुरुवार को विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की उपस्थिति, पोषण, स्वास्थ्य, साफ-सफाई और केंद्रों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से बच्चों को दिए जाने वाले पूरक आहार और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि केंद्रों पर आने वाले बच्चों और पात्र लाभार्थियों को सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए। बच्चों की नियमित उपस्थिति के साथ उनके लिए स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
एसडीएम ने केंद्रों के रिकॉर्ड की भी जांच की और कार्यकर्ताओं को इसे नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के शुरुआती विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यहां मिलने वाली सुविधाओं में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए कार्य किया जाए।
उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने स्तर पर बच्चों और उनके अभिभावकों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दें ताकि पात्र परिवार इनका लाभ उठा सकें। निरीक्षण के दौरान सामने आई व्यवस्थाओं को लेकर एसडीएम ने आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।





