हरियाणा

Kaithal: जरूरतमंदों के लिए मुफ्त किताबों की व्यवस्था

Admindelhi1
25 April 2026 10:45 AM IST
Kaithal: जरूरतमंदों के लिए मुफ्त किताबों की व्यवस्था
x

कैथल: जिला प्रशासन ने शिक्षा को बढ़ावा देने और जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद के लिए ‘ज्ञान दान बुक बैंक’ पहल शुरू की है। इस योजना के तहत मेधावी और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को निशुल्क पुस्तकें उपलब्ध करवाई जाएंगी।

डीसी अपराजिता ने कहा कि पुस्तकों का दान सबसे बड़ा दान है, जो किसी विद्यार्थी की जिंदगी बदल सकता है। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन से अपील की कि वे जनहित में अधिक से अधिक किताबें दान करें, ताकि जो विद्यार्थी किताबें खरीदने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें भी बेहतर अध्ययन सामग्री मिल सके।

लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित बैठक के दौरान डीसी अपराजिता, एडीसी डॉ. सुशील कुमार, जिला परिषद सीईओ सुरेश राविश, एसडीएम कैथल संजय सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने भी सैकड़ों पुस्तकें दान कीं। डीसी ने स्वयं 100 से अधिक किताबें दान कर इस अभियान की शुरुआत की।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभागाध्यक्ष अपने-अपने विभागों से कम से कम 100-100 पुस्तकें दान करें। साथ ही आम नागरिक भी अपनी पुरानी या नई किताबें जींद रोड स्थित जिला शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान में स्थापित बुक बैंक में जमा कर सकते हैं। कार्यदिवसों में सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक पुस्तकें जमा की जा सकेंगी।

ज्ञान दान बुक बैंक के लिए छत्रपाल (डीएमएस) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। आमजन पुस्तकें दान करने के लिए मोबाइल नंबर 94679-20070 और 96715-86626 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा लोग अपने नजदीकी सरकारी स्कूल में भी पुस्तकें जमा कर सकते हैं, जहां से उन्हें बुक बैंक तक पहुंचाया जाएगा।

Next Story