हरियाणा

Kaithal: कैथल में हमले के आरोपियों का पुलिस ने किया सार्वजनिक प्रदर्शन

Admindelhi1
15 Jun 2026 11:27 AM IST
Kaithal: कैथल में हमले के आरोपियों का पुलिस ने किया सार्वजनिक प्रदर्शन
x

कैथल: शहर के बस अड्डा क्षेत्र में एक युवक पर सूए से हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पाई निवासी अंकित, कसान निवासी सुनील, संडील (जिला जींद) निवासी रोबिन और देवबन निवासी सचिन के रूप में हुई है। रविवार को पुलिस ने चारों बदमाशों की घटना की जगह बस स्टैंड पर लोगों के सामने परेड करवाई।

गांव नरवल निवासी ललित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 जून की शाम करीब साढ़े पांच बजे वह अपने दोस्त के साथ आईटीआई से बस अड्डा कैथल पहुंचा था। इसी दौरान पहले से रंजिश रखने वाले आरोपी वहां आ गए और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान अंकित और उसके साथियों ने ललित को एक तरफ ले जाकर उस पर बर्फ तोड़ने वाले सूए से कई वार किए, जबकि अन्य आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर युवक को छुड़वाया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस और सीआईए-1 की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल बस अड्डा पर ले जाकर वारदात का सीन रिक्रिएट कराया और निशानदेही करवाई।

पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था को बिगाड़ने और हिंसक घटनाओं में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Next Story