हरियाणा

Kaithal: नमो क्रिकेट लीग में पट्टी अफगान का शानदार प्रदर्शन

Admindelhi1
22 Sept 2026 11:10 AM IST
Kaithal: नमो क्रिकेट लीग में पट्टी अफगान का शानदार प्रदर्शन
x
पट्टी अफगान ने कैथल को 15 रन से दी मात

कैथल: गांव ग्योंग के स्टेडियम में आयोजित नमो क्रिकेट लीग के फाइनल मुकाबले में पट्टी अफगान की टीम ने कैथल को 15 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। पट्टी अफगान की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित छह ओवर में 72 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैथल की टीम 57 रन ही बना सकी। प्रतियोगिता में मालखेड़ी की टीम तीसरे स्थान पर रही।

फाइनल मुकाबले के बाद विजेता पट्टी अफगान की टीम को 31 हजार रुपये और उपविजेता कैथल की टीम को 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाली पट्टी अफगान की टीम अब पंचकूला में होने वाली क्रिकेट लीग में हिस्सा लेगी।

कार्यक्रम में हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात की और स्वयं भी क्रिकेट खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया। मंत्री ने कैथल, पट्टी अफगान और मालखेड़ी की टीमों के खिलाड़ियों के साथ फोटो भी खिंचवाई। जिला परिषद चेयरमैन कर्मबीर कौल और जिला परिषद सदस्यों ने मंत्री को शॉल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। खिलाड़ियों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि नमो क्रिकेट लीग का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना है। उन्होंने खिलाड़ियों से मेहनत और अनुशासन के साथ खेलते हुए नशे से दूर रहने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने और खेल को खेल भावना के साथ खेलने की शपथ भी दिलाई।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक दिशा में लगाने के लिए खेल गतिविधियां महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया और कहा कि युवाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लिए सरकार द्वारा योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

इस अवसर पर तुषार, रवि बेदी, राजेश शर्मा , जितेंद्र टाया, राकेश खानपुर, कर्मबीर फौजी, श्रवण देबन, कर्मवीर ग्योंग, कृष्ण जाजनपुर, बलजीत, देवेंद्र, अमरजीत कसान, कर्मवीर, बलवान रंगा, संजीव भाणा, उज्ज्वल, सन्नी, अभिषेक, साहिल, जयभगवान, बलवान, सतीश कुमार और कोच गुरमीत सिंह सहित अन्य पदाधिकारी व खिलाड़ी मौजूद रहे।

Next Story