हरियाणा

Kaithal: विदेशी तस्कर को नशा सप्लाई करने वाला हिमाचली गिरफ्तार

Admindelhi1
31 May 2026 12:34 PM IST
Kaithal: विदेशी तस्कर को नशा सप्लाई करने वाला हिमाचली गिरफ्तार
x
"विदेशी नेटवर्क को चरस सप्लाई करने वाला दबोचा गया"

कैथल: स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (एसडीयू) ने विदेशी नशा तस्कर को हिमाचल प्रदेश से चरस उपलब्ध कराने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी का चार दिन का रिमांड भी हासिल किया है, जिससे मामले में और खुलासे होने की उम्मीद है।

27 मई को स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में एएसआई संदीप कुमार की टीम ने एनएच-152डी पर मोहना पुल (करनाल से कैथल मार्ग) के पास दबिश देकर एक विदेशी तस्कर को गिरफ्तार किया था। आरोपी की पहचान वियना (ऑस्ट्रिया) निवासी, हाल निवासी चुहाड़ी, जिला वलिपुरम (तमिलनाडु) के मनुचेर रशीदी के रूप में हुई थी। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक बैग में रखी पॉलीथिन से 1 किलो 85 ग्राम चरस बरामद की गई थी।

इस संबंध में थाना पुंडरी में मामला दर्ज कर एएसआई तरसेम द्वारा जांच शुरू की गई। आरोपी मनुचेर रशीदी से पूछताछ के लिए अदालत से तीन दिन का पुलिस रिमांड लिया गया। रिमांड अवधि के दौरान पूछताछ में अहम खुलासा हुआ कि उक्त नशीला पदार्थ उसे खेड़ी सिंबल वाली निवासी कर्मपाल ने हिमाचल प्रदेश से उपलब्ध कराया था।

इस खुलासे के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कर्मपाल को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मनुचेर को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि कर्मपाल का चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है, ताकि उससे गहन पूछताछ कर इस नेटवर्क के अन्य कड़ियों का पता लगाया जा सके।

Next Story