हरियाणा

Kaithal: NH-152D पर तेज रफ्तार का कहर, वायु सेना जवान की मौत

Admindelhi1
22 July 2026 10:22 AM IST
Kaithal: NH-152D पर तेज रफ्तार का कहर, वायु सेना जवान की मौत
x
कैथल में NH-152D पर भीषण दुर्घटना, जवान की मौत

कैथल: जिले में नेशनल हाईवे-152 पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय वायुसेना (एयरफोर्स) के एक जवान की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब जवान अपनी कार से उतर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जवान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चालक वाहन समेत फरार हो गया।मृतक की पहचान गांव जुलानीखेड़ा निवासी विकास के रूप में हुई है। वह एयरफोर्स में चंडीगढ़ तैनात थे और इन दिनों छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। मंगलवार को वह अपनी पत्नी के साथ किसी काम से करनाल जा रहे थे। रास्ते में नेशनल हाईवे-152 पर उन्होंने वाहन रोका। जैसे ही वह कार से नीचे उतरने लगे, पीछे से आए एक भारी वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।घटना की सूचना मिलते ही तितरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया।

पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस दौरान अस्पताल में गांव के लोग और सेना के जवान भी बड़ी संख्या में पहुंचे ।गांव के पूर्व सरपंच प्रदीप कुमार ने बताया कि विकास एयरफोर्स में कार्यरत थे और उनकी तैनाती चंडीगढ़ में थी। वह 13 जुलाई को छुट्टी लेकर घर आए थे और 26 जुलाई तक अवकाश पर रहने वाले थे। परिवार के अनुसार, हादसे के समय उनकी पत्नी भी कार में मौजूद थीं, जो घटना के बाद सदमे में आ गईं। तितरम थाना के एसएचओ रमेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। वाहन के नंबर के आधार पर मृतक की पहचान की गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी वाहन की तलाश की जा रही है।

Next Story