हरियाणा

Kaithal: युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी, कैथल में बनेगा इंटरनेशनल स्किल सेंटर

Admindelhi1
23 July 2026 11:44 AM IST
Kaithal: युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी, कैथल में बनेगा इंटरनेशनल स्किल सेंटर
x

कैथल: सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि आने वाला समय केवल डिग्रियों का नहीं बल्कि कौशल का है। बदलती तकनीक और वैश्विक रोजगार बाजार के अनुरूप युवाओं को स्किल ट्रेनिंग लेनी होगी, तभी वे देश और विदेश में बेहतर अवसर हासिल कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सेतु योजना के तहत कुरुक्षेत्र और कैथल के लिए करीब 520 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है, जिससे दोनों जिलों में कौशल विकास और तकनीकी प्रशिक्षण को नई दिशा मिलेगी।बुधधार को आरकेएसडी कॉलेज परिसर में आरकेएसडी नवीन अवसर इंटरनेशनल स्किल सेंटर का उद्घाटन करते हुए सांसद नवीन जिंदल ने इसे कैथल के युवाओं के लिए बड़ी सौगात बताया। उन्होंने सेंटर की लैब और क्लासरूम का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराकर की गई।

इस अवसर पर नवीन जिंदल ने राष्ट्रीय ध्वज अंगीकार दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तिरंगे को सम्मानपूर्वक फहराने का अधिकार दिलाने के लिए लंबा संघर्ष किया गया था और सभी को राष्ट्रीय ध्वज से प्रेरणा लेकर देशहित में कार्य करना चाहिए।नवीन जिंदल ने कहा कि उन्होंने चुनाव के दौरान कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में दो अंतरराष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने का वादा किया था। कुरुक्षेत्र में पहला सेंटर शुरू होने के बाद अब कैथल में आरकेएसडी नवीन अवसर इंटरनेशनल स्किल सेंटर की शुरुआत उसी संकल्प को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सेतु योजना के तहत मिली 520 करोड़ रुपये की राशि से कैथल और कुरुक्षेत्र के आईटीआई को अत्याधुनिक तकनीक, आधुनिक प्रयोगशालाओं और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण सुविधाओं से लैस किया जाएगा।

इससे स्थानीय युवाओं के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।आरकेएसडी कॉलेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अश्विनी शोरेवाला ने कहा कि कॉलेज लंबे समय से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण के लिए कार्य कर रहा है। नए स्किल सेंटर से विद्यार्थियों को उद्योगों की मांग के अनुसार प्रशिक्षण मिलेगा और कैथल कौशल विकास के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा। नवीन जिंदल फाउंडेशन स्किल डेवलपमेंट के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. मनीष मिश्रा ने बताया कि फाउंडेशन कैंपस इन कैंपस कार्यक्रम के तहत अब तक 20 शैक्षणिक संस्थानों में युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दे चुका है।

Next Story