हरियाणा

Kaithal: रिश्वतखोरी के आरोप में अटल सेवा केंद्र संचालक पर कार्रवाई

Admindelhi1
30 Jun 2026 2:47 PM IST
Kaithal: रिश्वतखोरी के आरोप में अटल सेवा केंद्र संचालक पर कार्रवाई
x
रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया सेवा केंद्र संचालक

कैथल: एंटी करप्शन ब्यूरो अंबाला की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक अटल सेवा केंद्र संचालक को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। उस पर मैरिज सर्टिफिकेट के पंजीकरण के नाम पर 20 हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप है। कार्रवाई के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास निवासी डोगरा गेट, कैथल के रूप में हुई है। वह हिन्द मार्केट स्थित विकास अटल सेवा केंद्र का संचालन करता है।

शिकायतकर्ता प्रदीप निवासी मानस ने आरोप लगाया था कि मैरिज सर्टिफिकेट का पंजीकरण कराने के लिए आरोपी ने 22 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो अंबाला ने आरोपों का सत्यापन किया और योजनाबद्ध ढंग से ट्रैप की कार्रवाई की। शाम करीब चार बजे हिन्द मार्केट, लघु सचिवालय के निकट स्थित अटल सेवा केंद्र में शिकायतकर्ता द्वारा 20 हजार रुपये दिए जाने के दौरान टीम ने आरोपी को रंगे हाथों दबोच लिया।

पूरी कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट कृष्ण कुमार, प्रबंध निदेशक शुगर मिल कैथल की मौजूदगी में संपन्न कराई गई। इस संबंध में विजिलेंस थाना अंबाला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

Next Story