हरियाणा

Kaithal: एएनसी इंचार्ज की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी गोली, पांच तस्कर दबोचे

Admindelhi1
31 July 2026 6:14 PM IST
Kaithal: एएनसी इंचार्ज की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी गोली, पांच तस्कर दबोचे
x
पुलिस पर फायरिंग, बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई एएनसी इंचार्ज की जान

कैथल: कैथल जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) की टीम ने गुरुवार देर रात मुठभेड़ के बाद नशा तस्करी के आरोपी को काबू कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर भी फायरिंग की। एक गोली एएनसी इंचार्ज प्रदीप कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है

पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार काे बताया कि बीती रात एंटी नारकोटिक्स सेल को सूचना मिली थी कि एक कार में सवार कुछ लोग नशीला पदार्थ लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने गांव फरल के पास नाकाबंदी कर कार को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख कार सवार आरोपियों ने पुलिस वाहन को टक्कर मार दी और भागने की कोशिश की। पुलिस ने मौके पर ही चार आरोपियों अमित, दीपक, विशाल और गुरदीप को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 48.35 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान गांव मटौर निवासी आरोपी संदीप खेतों की ओर भागने में सफल हो गया।

फरार आरोपी की तलाश में एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने पूरी रात संभावित ठिकानों पर दबिश दी। देर रात करीब 11 बजे पूंडरी से फरल नहर के पास पुलिस का सामना संदीप से हो गया। पुलिस के अनुसार, घिरता देख संदीप ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली एएनसी इंचार्ज प्रदीप कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें संदीप के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने कार से पुलिस वाहन को टक्कर मारने के आरोप में सभी आरोपियों के खिलाफ पुंडरी थाना में हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं पुलिस टीम पर फायरिंग करने के मामले में आरोपी संदीप के खिलाफ हत्या के प्रयास की एक अलग एफआईआर भी दर्ज की गई है।

पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि देर रात हुई कार्रवाई में फरार आरोपी संदीप को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही इस मामले में शामिल पांचों नशा तस्कर अब पुलिस गिरफ्त में हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।

Next Story