हरियाणा
धरने पर बैठे पहलवानों के समर्थन में JJP, दिग्विजय बोले- खिलाड़ियों को मिलना चाहिए न्याय
Shantanu Roy
19 Jan 2023 7:00 PM GMT

x
बड़ी खबर
चंडीगढ़। जननायक जनता पार्टी ने दिल्ली में भारतीय कुश्ती महासंघ के खिलाफ धरने पर बैठे पहलवानों का समर्थन किया है। वीरवार को जेजेपी प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि कुश्ती महासंघ के खिलाफ देश के पहलवान दिल्ली में जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे है और उनमें हरियाणा के सबसे ज्यादा खिलाड़ी शामिल है। दिग्विजय ने कहा कि जजपा पूरी तरह खिलाड़ियों के साथ है। उन्होंने कहा कि इस गंभीर मामले में केंद्रीय खेल मंत्रालय ने रेसलिंग फेडरेशन को 72 घंटे के भीतर जवाब देने को कहा है। दिग्विजय ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि खिलाड़ियों के साथ जरूर न्याय होगा। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और खिलाड़ियों की भावनाओं का सम्मान होना चाहिए।
दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि एक खिलाड़ी बचपन से देश की खातिर खेलने के लिए तैयारी करता है और खिलाड़ी सिर्फ सम्मान की इच्छा रखता है। उन्होंने कहा कि आज कुछ लोगों की वजह से खिलाड़ियों के सम्मान पर कालिख पोतने का प्रयास किया जा रहा है और इसे हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। दिग्विजय ने कहा कि जेजेपी खिलाड़ियों के साथ सदैव खड़ी है और हर मोर्चे पर उनका साथ देगी। उन्होंने कहा कि वे खिलाड़ी होने के नाते देश व प्रदेश के युवाओं से आह्वान करते है कि वे भी न्याय मिलने तक खिलाड़ियों का मजबूती से साथ दें। दिग्विजय ने यह भी कहा कि उन्होंने पहलवान फोगाट बहनों से बातचीत की है और अन्य खिलाड़ियों से भी बातचीत करने का प्रयास कर रहे है। हरियाणा के खेल मंत्री पर लगे आरोपों के सवाल के जवाब में दिग्विजय चौटाला ने कहा कि इस मामले में भी पूरी जांच होनी चाहिए और न्याय होना चाहिए।
Next Story