अखंड पाठ के भोग और कीर्तन से भक्तिमय हुआ जींद, श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया गुरु का लंगर

जींद: प्रथम पातशाही गुरु नानक देव जी का प्रकाशोत्सव मंगलवार को जींद के सभी गुरुद्वारों में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अखंड पाठों के भोग डाले गए और धार्मिक दीवान सजाए गए। सुबह से ही गुरुद्वारों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और संगत ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेककर आशीर्वाद लिया।
प्रकाशोत्सव के अवसर पर विभिन्न गुरुद्वारों में रागी जत्थों ने गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किए। गुरुद्वारा बंदा बहादुर साहिब में भाई गुरजीत सिंह के जत्थे ने कीर्तन किया। वहीं, सिंह सभा गुरुद्वारा भारत सिनेमा रोड और रेलवे जंक्शन स्थित गुरुद्वारे में भी शबद गायन के माध्यम से गुरु महिमा का बखान किया गया।
ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु तेग बहादुर साहिब में विशेष धार्मिक दीवान सजाया गया। इसमें पंजाब और करनाल से पहुंचे रागी जत्थों ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं और जीवन प्रसंगों पर प्रकाश डाला।
गुरुद्वारा मंजी साहिब के हेड ग्रंथी ज्ञानी मनजोत सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने धर्म, जाति और लिंग के आधार पर भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता का संदेश दिया। उन्होंने 'इक ओंकार' अर्थात एक ईश्वर के सिद्धांत को भी समझाया।
दोपहर बाद सभी गुरुद्वारों में गुरु का अटूट लंगर बरताया गया। श्रद्धालुओं ने सेवा में भाग लेकर प्रकाशोत्सव को उत्साहपूर्वक मनाया।





