हरियाणा

Jind: वीएलडीए ने टीकाकरण अभियान का विरोध किया

Admindelhi1
13 May 2026 9:55 AM IST
Jind: वीएलडीए ने टीकाकरण अभियान का विरोध किया
x
"पशु टीकाकरण अभियान पर संकट के आसार"

जींद: वीएलडीए संगठन ने एफएमडी व एचएस टीकाकरण अभियान को लेकर निर्णय लिया है कि जब तक विभाग भारत सरकार द्वारा निर्धारित भारत पशुधन एप की नई स्टैंडर्ड आपरेटिंग प्रोसीजर की सभी गाइड लाइन पूरी नहीं करता, तब तक कोई भी वीएलडीए टीकाकरण कार्य शुरू नहीं करेंगे। वेटनरी सर्विस एसोसिएशन की जिला कार्यकारिणी जींद ने सभी जिला कर्मचारियों के साथ वर्चुअल बैठक की।

मंगलवार को जानकारी देते हुए संगठन के जिला प्रधान अमन मोर, उपप्रधान अंकित कुमार, सचिव आशीष कुमार, खजांची अश्वनी कुमार, सहसचिव सचिन, ओमेश शर्मा ने कहा कि जिले में चार लाख से अधिक पशुओं का टीकाकरण होना था। उनकी राज्य कार्यकारिणी की तरफ से 28 अप्रैल को महानिदेशक को आगामी टीकाकरण अभियान के लिए निर्देश जारी करने और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने संबंधी पत्र भेजा गया था।

जिला स्तर पर भी उपनिदेशकों को ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अभी तक विभाग की ओर से कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि नई एसओपी की गाइडलाइन के तहत टीकाकरण से 15 दिन पहले पशुओं की डीवार्मिंग अनिवार्य है। इसके अलावा भीषण गर्मी में पशुओं पर पडऩे वाले तनाव, आवश्यक दवाइयों व संसाधनों की अनुपलब्धता और डॉटा एंट्री ऑपरेटरों की कमी के बीच वैक्सीनेशन कराना जोखिमपूर्ण और चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है। राज्य कार्यकारिणी ने आशंका जताई है कि यदि एसओपी की गाइडलाइन के बिना कर्मचारियों द्वारा टीकाकरण किया जाता है तो जवाबदेही और कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि किसी अधिकारी द्वारा निर्धारित गाइडलाइन पूरी किए बिना कर्मचारियों पर टीकाकरण का दबाव बनाया गया,तो संगठन कानूनी रास्ता अपनाते हुए माननीय उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाने से भी पीछे नहीं हटेगा।

Next Story