हरियाणा

Jind: तूफानी बारिश से जींद में पेड़ व बिजली के खंभे गिरे

Admindelhi1
18 Sept 2026 12:46 PM IST
Jind: तूफानी बारिश से जींद में पेड़ व बिजली के खंभे गिरे
x
आंधी-बारिश से जींद में भारी नुकसान, पेड़ उखड़े

जींद: जिले में बुधवार रात तूफान और मुसलाधार बारिश ने जिलाभर में लगभग 700 पेड़ गिराने का काम किया वहीं 159 बिजली पोल व दो ट्रांसफार्मर भी गिरे। 50 किलोमीटर प्रतिघंटा से हवा चली तो बौछारों के साथ तेज बारिश भी हुई। जिले में औसतन 13.57 एमएम बारिश दर्ज की गई। जींद मे सबसे ज्यादा 37 एमएम बारिश दर्ज की गई है। नरवाना में 14 एमएम, सफीदों में 18 एमएम, जुलाना में 11 एमएम, उचाना में दो एमएम, पिल्लूखेड़ा में 10 एमएम, अलेवा में तीन एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम सुहाना बना रहा है। वीरवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम में आद्रता 57 प्रतिशत तथा हवा की गति पांच किलोमीटर प्रतिघंटा दर्ज की गई।

काफी संख्या में पेड़ तथा बिजली के खंभे टूट कर सड़कों पर जा गिरे। रास्ते बाधित होने के साथ बिजली व्यवस्था भी चौपट हो गई। पेयजल स्पलाई भी बाधित हो गई। वहीं पंजाब मेल 12137 अपने निर्धारित समय पौने 12 बजे की जगह सवा दो बजे आई। वहीं कैथल में उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन की पावर में फाल्ट के चलते ट्रेन वहां खड़ी रही। इस कारण ट्रेन नंबर 54037 कुरुक्षेत्र-जींद पैसेंजर अपने निर्धारित समय दोपहर 12 बजकर 10 मिनट की जगह शाम लगभग साढ़े पांच बजे पहुंची। इसके अलावा हांसी रोड पर पेड़ ज्यादा टूटने के कारण जींद-हांसी रूट पर चलने वाली बस अपने निर्धारित समय से एक घंटा लेट रही।

दुकानों के बाहर लगे होर्डिंग, बोर्ड तथा फैलेक्स उखड़ कर सड़कों पर जा गिरे। तूफानी बारिश ने जहां शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोली, वहीं खेतों में खड़ी फसलों के लिए बारिश फायदेमंद रही है। गनीमत रही कि तूफानी बारिश से किसी प्रकार की जनहानि नही हुई है। मौसम वैज्ञानिक डा. राजेश ने बताया कि लौटते मानसून के एक्टिवेट होने से तेज हवा तथा बारिश हुई है। आगे मौसम में बादलवाई देखने को मिलेगी तापमान मे भी इजाफा होगा। 19 व 20 सितंबर को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।

Next Story