हरियाणा

Jind: सफाईकर्मियों ने सामूहिक मुंडन कर सरकार के खिलाफ जताया विरोध

Admindelhi1
5 Sept 2026 10:38 AM IST
Jind: सफाईकर्मियों ने सामूहिक मुंडन कर सरकार के खिलाफ जताया विरोध
x
सफाईकर्मियों ने सामूहिक मुंडन कर सरकार के प्रति जताई नाराजगी

जींद: हरियाणा सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों और कर्मचारियों के साथ की जा रही वादाखिलाफी के रोष स्वरूप शुक्रवार को रानी तालाब पर सफाई एवं अग्निशमन कर्मचारियों ने सामुहिक मुंडन करवाया विरोध जताया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन के दौरान देवेंद्र, राम कुमार, राजेश, पवन, जिले सिंह और सतीश ने अपना मुंडन करवा कर सरकार के खिलाफ रोष जताया। कर्मचारियों ने कहा कि सरकार लगातार उनकी जायज मांगों को नजरअंदाज कर रही है। कर्मचारियों के साथ हुए समझौतों को लागू करने की बजाय सरकार केवल आश्वासन देकर समय निकाल रही है। जिसके कारण कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने मांग की कि 13 मई को हुए समझौते को तुरंत लागू किया जाए। एक्सग्रेशिया नीति को मजबूत किया जाए।

ठेका प्रथा को बंद किया जाए। कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए। कर्मचारियों ने कहा कि सफाई एवं अग्निशमन कर्मचारी आम जनता को आवश्यक सेवाएं प्रदान करते हैं लेकिन सरकार उनकी समस्याओं और भविष्य के प्रति गंभीर नहीं है। लंबे समय से संघर्ष कर रहे कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं होने के कारण आंदोलन लगातार मजबूत हो रहा है। मुंडन कार्यक्रम के मौके पर सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान संजीव ढांडा, ब्लॉक प्रधान मंदीप नेहरा, नगरपालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान सोहनलाल, ब्लॉक प्रधान बिजेंद्र कांगड़ा तथा इकाई सचिव जितेंद्र सहित बेदो, सुमित्रा और अन्य कर्मचारियों ने बढ़.चढ़कर हिस्सेदारी की और आंदोलन को अपना समर्थन दिया।

कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से लेना चाहिए और 13 मई के समझौते को बिना किसी देरी के लागू करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही उनकी मांगों का समाधान नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी। इसके बाद रानी तालाब पर धरनारत कर्मियों को कृष्ण, सुरेश, सुमित, सुनील, सुभाष आदि कर्मचारियों ने संबोधित किया।

Next Story