हरियाणा

Jind: नीट परीक्षा के लिए तैयारी तेज, परीक्षा व्यवस्था में सख्त निगरानी

Admindelhi1
24 April 2026 7:03 PM IST
Jind: नीट परीक्षा के लिए तैयारी तेज, परीक्षा व्यवस्था में सख्त निगरानी
x

जींद: डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि नीट परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिले में कुल छह परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। जहां लगभग तीन हजार परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से रहते पूरी कर ली जाएं ताकि किसी भी परीक्षार्थी को कोई असुविधा न हो।

डीसी शुक्रवार को जींद में आगामी तीन मई को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा को लेकर जिला प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के उपायुक्तों को परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए। डीसी ने बताया कि स्थानीय डिफेंस कॉलोनी स्थित गल्र्स मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 312 परीक्षाथी, भारत सिनेमा के पास स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 387 परीक्षार्थी, राजकीय कॉलेज में 600 परीक्षार्थी, पीआईजी कॉलेज फॉर वूमेन में 528 परीक्षार्थी तथा चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद ब्लॉक में 576 और सीवी रमन ब्लॉक में 528 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

इसी प्रकार उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए सख्त इंतजाम किए जाएं। उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि दूरदराज से आने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बसों और अन्य यातायात साधनों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

Next Story