हरियाणा

Jind: पुलिस ने ट्रैकडाउन में 69 अपराधियों को दबोचा

Admindelhi1
22 Nov 2025 12:38 PM IST
Jind: पुलिस ने ट्रैकडाउन में 69 अपराधियों को दबोचा
x

जींद; पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा कि हरियाणा पुलिस महानिदेशक द्वारा प्रदेश भर में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत जिला जींद को काफी सफलता मिली है। इस अभियान से अपराधों पर अंकुश लगाने में भी काफी मदद मिली है। अभियान के तहत 69 अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने का कार्य किया गया है।

पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि हरियाणा पुलिस महानिदेशक द्वारा पांच नवंबर से 20 नवंबर तक प्रदेशभर में चलाए गए विशेष अभियान ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत जिला जींद पुलिस ने संगठित अपराध, अवैध हथियार व एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध, फरार और कुख्यात अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।

ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत जिले में गंभीर अपराधों में 69 अपराधी गिरफ्तार किए गए हैं तथा इस अवधि में अपराधियों से 14 अवैध पिस्तौल, एक देशी कट्टा, दो मैग्जीन, 19 रौंद बरामद किए गए हैं। नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए काफी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया गया है। इसी प्रकार इस अवधि के दौरान फायर इंसीडेंट केसों में कुल 12 केस दर्ज किए गए हैं। जिसमें सात आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। तीन के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी करवाए गए तथा 13 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है । उन्होंने बताया कि इसी प्रकार पर्यावरण की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सिविल प्रशासन की मदद से पराली जलाने के 108 मुकद्दमें दर्ज किए गए हैं। जिनमें 95 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि आप्रेशन ट्रैकडाउन अभियान का उद्देश्य जिले में अपराधियों की धरपकड़ कर कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना और आपराधिक गतिविधियों पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित करना था। पुलिस द्वारा निरंतर गश्त, निगरानी, खूफिया तंत्र को मजबूत करने और तकनीक आधारित पुलिसिंग के चलते अपराध नियंत्रण में उल्लेखनीय सुधार आया है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि अपराध और अपराधियों पर और अधिक प्रभावी नियंत्रण हो सके।

Next Story