
जींद: एनएसयूआई ने मंगलवार को चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में वीसी प्रो. रामपाल सैनी को ज्ञापन सौंपा और परिसर में स्थित एटीएम को बंद किए जाने के निर्णय पर एनएसयूआई ने रोष व्यक्त किया। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि विश्वविद्यालय परिसर में फिर से एटीएम को शुरू करवाया जाए।
एनएसयूआई के अध्यक्ष जयदीप सिंधु ने कहा कि विश्वविद्यालय में हजारों छात्र व छात्राएं अध्ययनरत हैं और ऐसे में एटीएम जैसी मूलभूत वित्तीय सुविधा को बंद करना पूर्णत: छात्र विरोधी कदम है। उन्होंने कहा कि अधिकांश छात्र दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं। जिनके लिए परिसर में एटीएम की सुविधा अत्यंत आवश्यक है। एटीएम बंद होने से विद्यार्थियों को आर्थिक लेनदेन के लिए बाहर जाना पड़ रहा है। जिससे समय की बर्बादी के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न हो रही हैं।
न्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तुरंत प्रभाव से एटीएम को पुन: संचालित किया जाए। यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो एनएसयूआई छात्र हितों की रक्षा के लिए चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगी। जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। इस मौके पर सचिन, सुखविंदर, आशीष सहित अन्य छात्र मौजूद रहे।





