Jind: डिप्टी स्पीकर की मौजूदगी में मार्केट कमेटी के पदाधिकारियों का पदग्रहण

जींद: हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार हर वर्ग का ध्यान रखते हुए कल्याणकारी कार्य कर रही है। किसानों के प्रति मौजूदा राज्य सरकार द्वारा निरंतर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिला के एक लाख 31 हजार 629 किसानों के खाते में करीब 26 करोड़ 33 लाख रुपये की धनराशि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत सीधा किसानों के खाते में डालने का काम किया है। हरियाणा में ट्रिप्पल इंजन की सरकार प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री नायब सैनी के मार्गदर्शन में जन कल्याण की भावना से कार्य कर रही है।
डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा शुक्रवार को नई अनाज मंडी में नवनियुक्त मार्केट कमेटी चेयरमैन, वाइस चेयरमैन तथा सदस्यों के पदग्रहण समारोह में बतौर मुख्यअतिथि बोल रहे थे। उन्होंने जींद मार्केट कमेटी के चेयरमैन मनीष गोयल उर्फ बबलू, वाइस चेयरमैन हरिदास सैनी तथा अन्य सदस्यों की नियुक्ति होने पर मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि मार्केट कमेटी पदाधिकारी निरंतर सेवा भाव से कार्य करते हुए किसानों तथा मंडी व्यवस्था को मजबूत बनाने का काम करें। बीजेपी सरकार ने जो कहा है वो किया है।
पूर्व की सरकारों में किसानों को मुआवजा के तौर पर पांच-पांच रुपये देकर मजाक करने का कार्य किया है। जबकि वर्तमान सरकार किसानों को उचित मुआवजा दे रही है। इस बात का आकलन आप स्वयं भी कर सकते हैं। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री हर वर्ग के साथ-साथ विशेषकर किसानों को सशक्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र की धर्मभूमि पर गुरु तेग बहादुर की 350वीं शहीदी दिवस मनाया जाएगा। जिसमें प्रधानमंत्री स्वयं पहुंचकर गुरू ग्रंथ साहिब के आगे नतमस्तक होंगे। हमारे देश के अनेकों गुरुओं, महापुरुषों ने मानवता की रक्षा के लिए अपने प्राणों तक का बलिदान दिया है। उन्होंने सभी से ज्यादा से ज्यादा संख्या में कुरुक्षेत्र की धर्मभूमि पर पहुंचने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कृषि विभाग के उपनिदेशक डा. गिरीश नागपाल, पूर्व महामंत्री डा. राज सैनी, भारत भूषण टांक, बबल सैनी, रामफल शर्मा, कालू आहूजा, पार्षद राममेहर, सतप्रकाश गोयल, मंडी प्रधान सुशील सिहाग, कुलदीप सिहाग, गोविंदपुरा के सरपंच कमल माथुर आदि मौजूद रहे।





