हरियाणा

Jind: जींद में शराब ठेकेदार के बेटे से मारपीट, गाड़ी तोड़ी

Admindelhi1
15 Sept 2026 10:26 AM IST
Jind: जींद में शराब ठेकेदार के बेटे से मारपीट, गाड़ी तोड़ी
x
जींद में मंथली को लेकर विवाद, गाड़ी में तोड़फोड़

जींद: शहर थाना नरवाना पुलिस ने बद्दोवाल टोल प्लाजा के निकट मंथली न देने पर शराब ठेकेदार के बेटे पर कुछ युवकों द्वारा हमला कर घायल करने और गाड़ी के साथ तोडफ़ोड़ करने पर तीन युवकों को नामजद कर आठ अन्य के खिलाफ मारपीट करने, तोडफ़ोड़ करने, अपहरण की कोशिश करने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव बडनपुर निवासी हरदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता के नरवाना इलाके में शराब के ठेके हैं। गत देर रात को शराब ठेकों से रिकवरी कर घर लौट रहा था। बद्दोवाल टोल प्लाजा के निकट गाडिय़ों में सवार होकर आए युवकों ने उसे रोक लिया और हमला कर दिया। आरोपितों ने उसकी गाड़ी के साथ तोडफ़ोड़ भी की। आरोपितों ने अपहरण की कोशिश करते हुए उसे अपनी गाड़ी में डालने का भी प्रयास किया। वाहन चालकों की भीड़ इकट्ठा होते देख आरोपित फरार हो गए। हरदीप ने आरोप लगाया कि गांव बद्दोवाल निवासी शिव कुमार तथा उसके साथी उस पर मंथली के लिए दबाव बना रहे थे। जिसके चलते आरोपितों ने वारदात को अंजाम दिया है। शहर थाना नरवाना पुलिस ने हरदीप की शिकायत पर शिव कुमार, जितेंद्र, सन्नी को नामजद कर आठ अन्य के खिलाफ मारपीट करने, तोडफ़ोड़ करने, अपहरण की कोशिश करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शहर थाना नरवाना के जांच अधिकारी राजीव ने साेमवार काे बताया कि शराब ठेकेदार के बेटे की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Next Story