Jind: शहीदों के सपनों को पूरा करना हमारा दायित्व: श्रुति चौधरी

जींद: हरियाणा की कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि गणतंत्र दिवस के इस पावन पर्व पर भारत ने दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का नागरिक होने का गौरव प्राप्त किया। आज से 77 वर्ष पहले 26 जनवरी 1950 को भारत ने दुनिया का सबसे बड़ा और विशेष संविधान अपनाया। गणतंत्र दिवस के साथ देशभक्तों के त्याग, तप और बलिदान की एक लम्बी गौरव गाथा जुड़ी है। इसलिए इस हमें उन महापुरुषों को याद करना चाहिए, जिन्होंने भारत को स्वतंत्रता दिलवाने और भारतीय संविधान को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इन महान सपूतों के कारण ही आज हम खुली हवा में सांस ले रहे है।
हरियाणा की कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी सोमवार को जिला पुलिस लाइन में आयोजित जिला स्तरीय 77वें गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित कर रही थी। इससे पहले हरियाणा की कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी, उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा, पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने गोहाना रोड स्थित शहीदी स्मारक पर पुष्पचक्र भेंट कर शहीदों को नमन किया और श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके उपरांत कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने मुख्य कार्यक्रम स्थल पुलिस लाइन के प्रांगण में झंडा फहराया और परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने बच्चों की हौंसलाफजाई भी की। कार्यक्रम के दौरान सभी मेहमानों ने कार्यक्रम में शिरकत करने वाली सांस्कृतिक टीमों, परेड की टुकडिय़ों सहित अन्य प्रतिभागियों के साथ सामुहिक चित्र भी करवाया। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की तमाम योजनाओं और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और कहा कि जिस प्रकारए परिवार पहचान पत्र के डेटा से विभिन्न योजनाओं का लाभ लोगों को घर बैठे मिल रहा है, उसी प्रकार कृषि क्षेत्र में मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल बना कर किसान कल्याण की अनेक योजनाओं को इससे जोड़ा गया है। आज खेल जगत में हरियाणा का बडा नाम है।





