हरियाणा

Jind: बिजली विभाग के निजीकरण के विरोध में कर्मचारियों ने फूंकी एचईआरसी नोटिस की प्रतियां

Admindelhi1
31 Aug 2026 6:24 PM IST
Jind: बिजली विभाग के निजीकरण के विरोध में कर्मचारियों ने फूंकी एचईआरसी नोटिस की प्रतियां
x
निजीकरण के विरोध में बिजली कर्मचारी लामबंद, एचईआरसी नोटिस की प्रतियां फूंकीं

जींद: हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को सिटी सब डिवीजन जींद के कर्मचारियों ने नूंह एवं गुरुग्राम में पैरेलल लाइसेंस तथा बिजली विभाग के निजीकरण के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) द्वारा जारी नोटिस की प्रतियां जला कर अपना विरोध दर्ज कराया। कर्मचारियों ने निजीकरण के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सरकार से पैरेलल लाइसेंस की प्रक्रिया को तुरंत बंद करने की मांग की।

प्रदर्शनकारी कर्मियों को संबोधित करते हुए राज्य उपप्रधान संजीव ढांडा ने कहा कि नूंह एवं गुरुग्राम में पैरेलल लाइसेंस के माध्यम से निजी कंपनियों को बिजली वितरण व्यवस्था में प्रवेश देने की प्रक्रिया बिजली निगमों के निजीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे कर्मचारियों के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं के हित भी प्रभावित होंगे। मोर्चा ने सरकार एवं एचईआरसी से मांग की कि नूंह एवं गुरुग्राम में पैरेलल लाइसेंस देने की प्रक्रिया को तुरंत बंद किया जाए तथा बिजली निगमों के निजीकरण की सभी नीतियों को वापस लिया जाए। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने निजीकरण की नीतियों को वापस नहीं लिया तो हरियाणा के बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले आंदोलन को और तेज करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

Next Story