हरियाणा

Jind: प्रधानमंत्री आगमन से पहले जींद को चमकाने में जुटा प्रशासन

Admindelhi1
16 July 2026 12:22 PM IST
Jind: प्रधानमंत्री आगमन से पहले जींद को चमकाने में जुटा प्रशासन
x
प्रधानमंत्री के दौरे से पहले सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटा प्रशासन

जींद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित दौरे की तैयारी में जींद शहर स्वच्छता की नई मिसाल बन गया है। शहर के मध्य स्थित जींद-हांसी ब्रांच नहर के किनारे बसी झुग्गी बस्ती को हटवा दिया गया। पिछले कई महीनों से यहां काफी संख्या में लोग रह रहे थे। आसपास क्षेत्र में काफी बदबू भी हो चली थी। स्थानीय लोगों ने कई बार इन झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले लोगों को दूसरी जगह शिफ्ट करने की बात कही थी लेकिन सुनवाई नही हो रही थी। अब इस समस्या का समाधान आखिरकार प्रधानमंत्री के कार्यक्रम ने कर दिया है।

शहरवासियों के अनुसार जींद-हांसी ब्रांच नहर के किनारे पर कई लोग परिवार सहित झुग्गी झोपड़ी बना कर रहे थे। जिससे नहर के किनारे कूड़ा करकट, गंदगी और अवैध निर्माण से न सिर्फ पर्यावरण प्रदूषित हो रहा था बल्कि शहर की सौंदर्यता भी बिगड़ रही थी लेकिन प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई हमेशा टलती रही। अब 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जींद दौरे की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तेजी दिखाई। जिला प्रशासन ने रात के अंधेरे में कार्रवाई करते हुए नहर किनारे रह रहे परिवारों को वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराते हुए बस्ती खाली करा दी है।

जेसीबी मशीन की की मदद से यहां जमीन को भी समतल करवा दिया है। बाकायदा नहर के किनारे सफाई अभियान चलाया गया। सुबह होते-होते पूरा इलाका स्वच्छ और सुंदर नजर आने लगा। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए शहर को पूर्ण स्वच्छता श्रेणी में लाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे ने जींद में स्वच्छता की लहर ला दी है।

Next Story