Jhajjar: आयुष्मान भारत योजना के तहत देशभर में 17 से शल्य चिकित्सा अभियान

झज्जर: आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 17 से 22 नवंबर तक जिला झज्जर में विशेष शल्य चिकित्सा अभियान आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के दौरान सरकारी अस्पतालों में हर प्रकार के ऑपरेशन सरकार द्वारा आरक्षित पैकेज व प्रक्रियाओं के अंतर्गत किए जाएंगे। आयुष्मान भारत योजना के तहत विशेष शल्य चिकित्सा अभियान शुरू करने के लिए नागरिक अस्पताल झज्जर व बहादुरगढ़ में मंगलवार को महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया गया। बैठकों की अध्यक्षता सिविल सर्जन झज्जर डॉ. जयमाला द्वारा की गई। बैठक में प्रधान चिकित्सा अधिकारी, मेडिकल सुपरिन्टेंडेन्ट, आयुष्मान भारत योजना के जिला नोडल अधिकारी, सभी विशेषज्ञ चिकित्सक, जनरल सर्जन, ईएनटी विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ और स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ सहित अर्बन नोडल अधिकारी भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सिविल सर्जन डॉ. जयमाला ने सभी अधिकारियों व चिकित्सकों को अभियान का संचालन सुचारु रूप से करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ताकि अधिक से अधिक आयुष्मान लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं निशुल्क चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इस दौरान सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों के लिए सर्जरी के लक्ष्य (टारगेट) भी निर्धारित किए गए। इस शल्य चिकित्सा अभियान के दौरान कूल्हा प्रत्यारोपण, घुटना प्रत्यारोपण, बच्चेदानी का ऑपरेशन, मोतियाबिंद व हर्निया आदि सभी प्रकार की प्रमुख सर्जरी नागरिक अस्पताल झज्जर व नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़ में की जाएंगी।
कार्यक्रम की नोडल अधिकारी उप सिविल सर्जन डॉ. सुनीता तंवर ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य आयुष्मान भारत योजना के अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक विशेष चिकित्सा सेवाएं पहुँचाना है। नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़ की पीएमओ डॉ. मंजू कादयान, नागरिक अस्पताल झज्जर के एसएमओ डॉ. अजय सिंगला, उप अधीक्षक डॉ. यशपाल मोमिया, नेत्र विशेषज्ञ डॉ. मीनू और अन्य अधिकारी व चिकित्सक बैठकों में उपस्थित रहे।





