हरियाणा

Jhajjar: एसपीओ की सड़क हादसे में मौत, बेरी-दुजाना रोड

Admindelhi1
14 March 2026 7:11 PM IST
Jhajjar: एसपीओ की सड़क हादसे में मौत, बेरी-दुजाना रोड
x

झज्जर: जिले में बेरी-दुजाना रोड पर दर्दनाक हादसा हुआ। घटना में हरियाणा पुलिस के विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) विजयभान की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर हरियाणा रोडवेज की बस और स्कूटी के बीच हुई।

विजयभान, जिला पुलिस उपायुक्त(डीसीपी) बहादुरगढ़ के कार्यालय में तैनात थे। वह शनिवार को दुजाना से अपने गांव शेरिया जा रहे थे। इसी बीच स्कूटी सवार विजयभान हरियाणा रोडवेज की तेज गति बस की चपेट में आ गए । उनकी स्कूटी में बस की जोरदार टक्कर लगी। हादसे में स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और विजयभान गंभीर रूप से घायल हुए। सिर व शरीर के अन्य अंगों में गंभीर चोटें आने से अत्यधिक खून बह गया और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना मिलने पर बेरी थाना पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। मृतक के परिजनों को बुलाया गया और प्राथमिक जांच के बाद परिजनों की सहमति से शव पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल झज्जर भेज दिया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, जिसमें बस चालक की लापरवाही, ओवर स्पीडिंग या अन्य कारण शामिल हो सकते हैं। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार को बस के नीचे आने से बचना मुश्किल हो गया। जिला पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि विजयभान बहुत अनुशासित ढंग से ड्यूटी करते थे। वह हमेशा अपने निर्धारित समय से कुछ मिनट पहले ही अपने कार्यालय उपस्थित हो जाते थे। उनका व्यवहार अपने साथी पुलिस कर्मचारियों व आम जनता के प्रति हमेशा मृदु रहता था ।

Next Story