हरियाणा

Jhajjar: किसान मुद्दों पर भड़की इनेलो, झज्जर में किया जोरदार प्रदर्शन

Admindelhi1
4 Nov 2025 10:41 AM IST
Jhajjar: किसान मुद्दों पर भड़की इनेलो, झज्जर में किया जोरदार प्रदर्शन
x

झज्जर: मंडियों में एमएसपी पर फसल की खरीद न होने के विरोध में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने सोमवार को झज्जर में जोरदार प्रदर्शन किया। इनेलो कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष सतपाल पहलवान के नेतृत्व में लघु सचिवालय पहुंचे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन अतिरिक्त उपायुक्त को सौंपा। ज्ञापन में जिला की हजारों एकड़ कृषि भूमि में भारे बरसाती पानी को तुरंत निकालने और नुकसान का मुआवजा देने की मांग की गई है।

इनेलो के जिलाध्यक्ष सतपाल पहलवान ने प्रदर्शनकारी किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार अब तक की सबसे निकम्मी सरकार साबित हुई है। किसानों की बाजरे की फसल की मंडियों में एमएसपी पर खरीद नहीं हो पा रही, जिससे किसानों को प्रति क्विंटल करीब साढ़े सात सौ रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि झज्जर जिले में आज भी कई गांवों की खेती योग्य जमीन में बरसाती पानी भरा है, लेकिन प्रशासन पानी निकासी करने में पूरी तरह नाकाम रहा है। किसानों को न तो समय पर बीज मिल रहा है और न ही खाद, जिससे उनकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।

इनेलो जिलाध्यक्ष ने कहा कि पानी निकासी न होने के कारण पिछली फसल खराब हो गई और अब किसानों को अगली बिजाई की भी उम्मीद नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया, तो इनेलो प्रदेशभर में आंदोलन को तेज करेगी। ज्ञापन के माध्यम से इनेलो नेताओं ने राज्यपाल से मांग की कि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कर राहत पैकेज जारी किया जाए।

Next Story