हरियाणा

Jhajjar: पुण्यतिथि पर चंद्रशेखर आजाद को गरिमापूर्ण श्रद्धांजलि

Admindelhi1
27 Feb 2026 9:19 PM IST
Jhajjar: पुण्यतिथि पर चंद्रशेखर आजाद को गरिमापूर्ण श्रद्धांजलि
x

झज्जर: आजादी आंदोलन में समझौताहीन धारा के इंकलाबी लहर के अगवा दस्ते के नेता रहे शहीद चंद्रशेखर आजाद का बलिदान दिवस शुक्रवार को जिला में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। झज्जर, बहादुरगढ़, सालहावास व बेरी भी कार्यक्रम हुए। बहादुरगढ़ के लाइन पार क्षेत्र की बस्ती शंकर गार्डन में आजाद का बलिदान दिवस गरिमा पूर्ण ढंग से मनाया गया। उनके प्रतिमा पर माल्यार्पण करके श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

उपस्थित नागरिकों को आजादी आंदोलन में उनकी अग्रणी भूमिका के बारे में रामकिशन ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद अंग्रेजी राज को खत्म करने के साथ-साथ ऐसे समाज की कल्पना, संरचना करना चाहते थे जिसमें कमेरा वर्ग की इज्जत हो और अंग्रेजी शासन के खात्मे के बाद शोषण, अन्याय व अत्याचार मुक्त समाज बने। लुटेरा व्यवस्था खत्म हो और समाज में शिक्षा व इलाज में लूट न रहे। उन्होंने कहा कि समाज में आज भी उपरोक्त समस्या हिमालयन पहाड़ की तरह बनी हुई है, समाज को आगे बढ़ाने में बाधा बनकर खड़ी है और हम सभी ने इनको समझकर समाजवादी आंदोलन से इन्हें खत्म करना होगा।

शहीद चंद्रशेखर आजाद अमर रहे, शहीदों के विचारों को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करो, समाज में सांप्रदायिकता का जहर घोलना बंद करो, सभी नौजवानों को काम दो, इंकलाब जिंदाबाद, शिक्षा का निजीकरन बंद करो, सरकारी स्कूलों में पर्याप्त सुविधा दो, गरीबों का भाईचारा ज़िंदाबाद इत्यादि नारों के साथ आयोजन संपन्न हुआ। राजबीर छिल्लर, जयसिंह, डॉ. जगबीर, अत्तर सिंह, विद्या व नीमा ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।

Next Story