हरियाणा

Jhajjar: छोटूरामनगर की 21 कच्ची गलियों को मिलेगा पक्का रूप

Admindelhi1
22 Nov 2025 12:56 PM IST
Jhajjar: छोटूरामनगर की 21 कच्ची गलियों को मिलेगा पक्का रूप
x

झज्जर: बहादुरगढ़ के छोटूराम नगर में शुक्रवार को विधायक राजेश जून व नगर परिषद अध्यक्ष सरोज राठी ने 21 गलियों का निर्माण आरंभ करवाया। इन गलियों को पक्का करने और नालियां बनाने के कार्य पर लगभग एक करोड़ रुपये लागत आएगी। यह निर्माण कार्य पूरा होने से यहां रहने वाले 3000 से अधिक लोगों को सुविधा होगी।

विधायक राजेश जून व नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी द्वारा छोटू राम नगर में गली निर्माण कार्य आरंभ करने के मौके पर नगर परिषद के वाइस चेयरमैन राजपाल शर्मा, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि हरिमोहन धाकड़े और कॉलोनी के निवासी व नगर परिषद के अधिकारी मौजूद रहे। निर्माण कार्य के शुभारंभ पर कॉलोनीवासियों ने विधायक राजेश जून, चेयरपर्सन सरोज राठी और वाइस चेयरमैन राजपाल शर्मा का फूल मालाओं से गर्मजोशी से स्वागत किया और कॉलोनी में विकास कार्य करवाने के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विधायक राजेश जून ने कहा कि हरियाणा के लोकप्रिय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में बहादुरगढ़ हल्के में निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं। नई सड़कें, पीने के पानी की पाइप लाइन, गलियां, बिजली के नए ट्रांसफार्मर व नई तार लगाने सहित कई परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया गया है।

एक सवाल के जवाब में विधायक जून ने बताया कि वर्ष 2024 तक बहादुरगढ़ में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया था।

चारों तरफ अवैध प्लास्टिक वेस्ट गोदाम और प्रदूषण फैलाने वाली इंडस्ट्रीज सक्रिय थीं। विधायक बनने के बाद उन्होंने इस मुद्दे को हरियाणा विधानसभा में मजबूती से उठाया और अधिकारियों को समय-समय पर निर्देश दिए जिसके बाद प्रदूषण विभाग ने कठोर कार्रवाई शुरू की। उन्होंने बताया कि अवैध प्लास्टिक वेस्ट भंडारण गोदामों और प्रदूषण फैलाने वाली कई इंडस्ट्रीज को बंद कराया जा चुका है। इसी के परिणामस्वरूप वर्ष 2025 में प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।

Next Story