हरियाणा

विद्यार्थियों में अनुशासन और सेवा भावना विकसित करना आवश्यक : प्रो. बीआर कम्बोज

Admindelhi1
16 Oct 2026 10:16 AM IST
विद्यार्थियों में अनुशासन और सेवा भावना विकसित करना आवश्यक : प्रो. बीआर कम्बोज
x
नागरिक निर्माण में शिक्षा के साथ सेवा भावना का महत्व : प्रो. बीआर कम्बोज

हिसार: हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौलिक विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय में ‘सेवा संकल्प और नवाचार: युवा शक्ति से विकसित भारत-2047’ विषय पर गुरुवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्र कल्याण निदेशालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज मुख्य अतिथि रहे, जबकि समाजसेवी एवं शिक्षाविद् कृष्ण कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की ऊर्जा, कौशल, नए विचार और स्टार्टअप संस्कृति की अहम भूमिका होगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दें।

विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र देते हुए कुलपति ने पांच महत्वपूर्ण बातों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को लगातार अपने ज्ञान और कौशल को बढ़ाना चाहिए, सीखने की इच्छा हमेशा बनाए रखनी चाहिए, समाज और राष्ट्र सेवा को प्राथमिकता देनी चाहिए, पढ़ाई के साथ भविष्य के लिए वैकल्पिक योजना तैयार रखनी चाहिए और अपनी संस्कृति व परंपराओं से जुड़े रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि एक अच्छा नागरिक बनने के लिए आधुनिक शिक्षा और तकनीक के साथ अच्छा चरित्र, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना भी जरूरी है। युवाओं को पाश्चात्य संस्कृति का आंख बंद करके अनुसरण करने से बचना चाहिए और अपनी सांस्कृतिक जड़ों पर गर्व करना चाहिए। साथ ही, मोबाइल और डिजिटल तकनीक का उपयोग सोच-समझकर और सही उद्देश्य के लिए करना चाहिए।

समाजसेवी कृष्ण कुमार ने अपने संबोधन में विकसित भारत-2047 की परिकल्पना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भविष्य का भारत कैसा होगा, यह काफी हद तक आज के युवाओं की सोच, प्रतिभा, मेहनत और योगदान पर निर्भर करेगा। कृष्ण कुमार ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और स्वामी विवेकानंद के जीवन से जुड़े अनेक प्रेरक प्रसंग भी साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों से निश्चल नारायणम, विनिशा उमाशंकर, श्रीधर वेम्बू और रितेश अग्रवाल जैसे प्रतिभावान युवाओं से प्रेरणा लेकर जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

छात्र कल्याण निदेशक डॉ. मदन खीचड़ ने कार्यक्रम में अपने विचार रखे। छात्रा सुरभि ने सभी का स्वागत किया, जबकि छात्र राहुल ने धन्यवाद किया। मंच संचालन शगुन और विभा ने किया।

Next Story