हरियाणा

कनाडा में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव समारोह की शुरुआत, 104 संस्थाएं लेंगी हिस्सा

Shantanu Roy
15 Sept 2022 9:20 PM IST
कनाडा में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव समारोह की शुरुआत, 104 संस्थाएं लेंगी हिस्सा
x
बड़ी खबर
कुरुक्षेत्र। कनाडा के लिविंग आर्ट सेंटर मिसिसॉगा में मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम से पहले आज गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने ओंटारियो की विधानसभा अध्यक्ष टेड अर्नोट, प्रांतीय संसद के सदस्यों (एम.पी.पी.) दीपक आनंद और नीना टांगरी को पवित्र श्रीमद्भगवद् गीता भेंट कर महोत्सव की औपचारिक रूप से शुरुआत की। दीपक आनंद द्वारा कनाडा के क्वींस पार्क, टोरंटो ओंटारियो राज्य की संसद में एक समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दीपक आनंद ने श्रीमद्भगवद् गीता प्राप्त करते हुए कहा कि वे इस पवित्र श्रीमद्भगवद् गीता को प्राप्त करने के लिए स्वयं को भाग्यशाली महसूस कर रहे हैं और यह गर्व की बात है कि आज इस पवित्र श्रीमद्भगवद गीता के साथ क्वीन हाउस लाइब्रेरी पूर्ण हो गई है।
इस अवसर पर बोलते हुए गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने पवित्र गीता को मानवता के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि मॉरीशस और यूनाइटेड किंगडम की धरती पर अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के सफल आयोजन के बाद इस बार कनाडा में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव मनाया जा रहा है। दिलचस्प बात यह है कि गीता के शाश्वत संदेश को विश्व स्तर पर फैलाने के लिए पहली बार जीओ गीता कनाडा के साथ 104 सामाजिक धार्मिक संगठन 16 से 18 सितम्बर, 2022 तक तीन दिवसीय उत्सव का आयोजन करेंगे। महोत्सव में आने वाले पर्यटकों के लिए गीता और कुरुक्षेत्र की थीम पर एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी जो प्रमुख आकर्षणों में से एक होगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की मान्यता है कि गीता किसी भाषा, क्षेत्र या धर्म की नहीं बल्कि पूरी मानवता की है। हरियाणा सरकार कई वर्षों से अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का हरियाणा के साथ-साथ विदेशों में भी सफलतापूर्वक आयोजन कर रही है। उल्लेखनीय है कि प्रांतीय संसद के सदस्य (एम.पी.पी.) ओंटारियो विधानसभा नीना तंगरी ने श्रीमद्भगवद् गीता पर हाथ रखकर शपथ ली थी। इस अवसर पर कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी चंद्रकांत कटारिया सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
Next Story