भारत-निकारागुआ के रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती, राजदूत ने दिया बड़ा संदेश

हिसार: भारत और निकारागुआ के बीच शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर निकारागुआ की राजदूत नादेस्का इमारा कुथबर्ट कार्लसन ने जोर दिया है। रविवार को हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के 14वें विश्वविद्यालय स्तरीय युवा महोत्सव 'प्रबोधिनी' के दूसरे दिन विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचीं राजदूत ने विद्यार्थियों से संवाद किया।
चौधरी रणबीर सिंह सभागार में आयोजित कार्यक्रम में राजदूत कार्लसन ने कहा कि भारत और निकारागुआ के शिक्षण संस्थानों के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) होने चाहिए। इससे दोनों देशों के विद्यार्थियों और शिक्षकों को ज्ञान, अनुभव और विचारों के आदान-प्रदान के बेहतर अवसर मिलेंगे।
राजदूत ने कहा कि दोनों देशों के बीच कई सांस्कृतिक और सामाजिक समानताएं हैं, जो आपसी संबंधों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
उन्होंने बताया कि वह पिछले आठ महीनों से भारत में कार्य कर रही हैं। इस दौरान भारत की विविधता, तकनीकी प्रगति, लोगों की सकारात्मक सोच और सांस्कृतिक परंपराओं ने उन्हें काफी प्रभावित किया है।
कार्लसन ने कहा कि निकारागुआ के लोगों में भारतीय भाषाओं, रहन-सहन और परंपराओं के प्रति विशेष लगाव है। उन्होंने भारतीय चावल के प्रति अपनी पसंद भी साझा की।
राजदूत ने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों को निकारागुआ आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच शैक्षणिक सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
इससे पहले अंतरराष्ट्रीय मामलों के अधिष्ठाता प्रो. ओम प्रकाश सांगवान ने राजदूत का स्वागत करते हुए कहा कि उनका दौरा विश्वविद्यालय के लिए उपयोगी साबित होगा। इससे शिक्षण और शोध के क्षेत्र में सहयोग के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विजय कुमार, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. एमके शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





