हरियाणा

हरियाणा की मंडियों में धान खरीद की जांच तेज, गेट पास और स्टॉक की पड़ताल

Admindelhi1
20 Nov 2026 11:05 AM IST
हरियाणा की मंडियों में धान खरीद की जांच तेज, गेट पास और स्टॉक की पड़ताल
x
धान खरीद में फर्जीवाड़े की जांच, किसानों से सीधे पूछताछ कर रही CM फ्लाइंग

हिसार: हरियाणा के हिसार और हांसी जिलों की अनाज मंडियों में धान खरीद प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने और संभावित अनियमितताओं का पता लगाने के लिए सीएम फ्लाइंग ने जांच शुरू कर दी है। सीएम फ्लाइंग हिसार की इंचार्ज सुनैना के नेतृत्व में टीम दोनों जिलों की सात प्रमुख अनाज मंडियों में धान की आवक, खरीद, उठान और गेट पास से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, जांच के दायरे में हिसार जिले की उकलाना, बरवाला, आदमपुर और हिसार अनाज मंडियां शामिल हैं। वहीं, हांसी जिले की हांसी, नारनौंद और बास अनाज मंडियों का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। इसके लिए संबंधित मार्केट कमेटियों और हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड से धान खरीद का पूरा विवरण मांगा गया है।

जांच के दौरान टीम पीआर धान की खरीद शुरू होने और समाप्त होने की तारीख, जारी किए गए गेट पास, रद्द किए गए गेट पास और किसानों की सूची की पड़ताल कर रही है। विशेष रूप से यह पता लगाया जा रहा है कि गेट पास किन परिस्थितियों में रद्द किए गए और क्या उनमें किसी प्रकार की अनियमितता हुई है।

सीएम फ्लाइंग की टीम एक ही वाहन के कम समय के अंतराल में जारी हुए दोहरे गेट पास की भी जांच कर रही है। इसके अलावा दूसरे जिलों से स्थानीय मंडियों में धान बेचने आए किसानों का विवरण जुटाया जा रहा है, ताकि खरीद प्रक्रिया के नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

जांच में मंडियों में खरीदे गए कुल धान, उसके उठान और शेष स्टॉक का मिलान भी किया जा रहा है। टीम 'मेरी फसल मेरा ब्यौरा' पोर्टल पर किसानों के पंजीकरण से जुड़ी जानकारी की भी जांच कर रही है।

अधिकारियों का उद्देश्य यह पता लगाना है कि कहीं किसानों की फसल बिक्री, गेट पास या खरीद रिकॉर्ड में गलत जानकारी दर्ज कर सरकारी खरीद व्यवस्था का दुरुपयोग तो नहीं किया गया।

इसके अलावा कुछ मंडियों में इस वर्ष पीआर धान की आवक अधिक होने के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। सीएम फ्लाइंग की टीम किसानों से सीधे बातचीत कर फसल बिक्री के दौरान संभावित अनियमितताओं और धोखाधड़ी से संबंधित जानकारी जुटा रही है।

फिलहाल हिसार और हांसी की सात अनाज मंडियों में रिकॉर्ड की जांच जारी है। किसी अनियमितता की पुष्टि या कार्रवाई के संबंध में अभी जानकारी सामने नहीं आई है।

Next Story