हरियाणा

गुरुग्राम में कार पर पुलिस की टोपी रखकर नंबर प्लेट से छेड़छाड़, कार्रवाई पर सवाल

Admindelhi1
21 Nov 2026 3:12 PM IST
गुरुग्राम में कार पर पुलिस की टोपी रखकर नंबर प्लेट से छेड़छाड़, कार्रवाई पर सवाल
x
पुलिस बूथ के पास खड़ी संदिग्ध कार बनी चर्चा का विषय, नंबर प्लेट से खिलवाड़

गुरुग्राम: शहर के सिविल लाइन क्षेत्र में नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की गई एक कार चर्चा का विषय बन गई है। आरोप है कि कार की आगे और पीछे की नंबर प्लेट के कई अंक जानबूझकर मिटाए गए थे। हैरानी की बात यह रही कि कार के डैशबोर्ड पर पुलिस की टोपी रखी थी और पास में पुलिसकर्मी मौजूद होने के बावजूद कोई कार्रवाई नजर नहीं आई।

जानकारी के अनुसार, यह कार जिला सैनिक बोर्ड के पास बने पुलिस बूथ के नजदीक खड़ी थी। कार की आगे की नंबर प्लेट से पांच और पीछे की प्लेट से चार अंकों का काला रंग हटाया गया था। इससे नंबर प्लेट के अंक स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहे थे। डैशबोर्ड पर रखी पुलिस की टोपी ने इस मामले को और सवालों के घेरे में ला दिया।

आशंका जताई जा रही है कि नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कैमरों के जरिए चालान से बचने के उद्देश्य से की गई हो सकती है। हालांकि, कार किसकी है और पुलिस की टोपी किसकी है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

नंबर प्लेट को मिटाना, बदलना या अपठनीय बनाना यातायात नियमों का उल्लंघन है। इससे वाहन की पहचान और निगरानी प्रभावित हो सकती है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि पुलिस बूथ के पास खड़ी इस कार पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

यह भी स्पष्ट होना जरूरी है कि कार किसी पुलिसकर्मी की है या किसी आम व्यक्ति ने पुलिस की टोपी रखकर पुलिसकर्मियों को भ्रमित करने की कोशिश की। दोनों ही स्थितियों में मामले की जांच और नियमानुसार कार्रवाई की जरूरत है।

Next Story