हरियाणा

इमामों और उलेमा की ओर से जाकिर हुसैन का इस्तकबाल, पिनगवां में समारोह

Admindelhi1
21 Nov 2026 2:59 PM IST
इमामों और उलेमा की ओर से जाकिर हुसैन का इस्तकबाल, पिनगवां में समारोह
x
हरियाणा के सैकड़ों इमाम और उलेमा सम्मान समारोह में होंगे शामिल

नूंह: हरियाणा वक्फ बोर्ड के प्रशासक एवं पूर्व विधायक जाकिर हुसैन के सम्मान में 23 नवंबर को नूंह जिले के पिनगवां स्थित मदरसा जामिया फातिमा अल जोहरा लिलबनात में समारोह आयोजित किया जाएगा। अकबरपुर रोड स्थित मदरसे में होने वाले कार्यक्रम में तंज़ीम आईमा ए औकाफ, हरियाणा से जुड़े सैकड़ों इमाम और उलेमा शामिल होंगे। समारोह की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष मौलाना असरुद्दीन तेड़ करेंगे।

शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में मौलाना असरुद्दीन तेड़ ने बताया कि वक्फ बोर्ड प्रशासक जाकिर हुसैन और बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद शाईन ने इमामों के अधिकारों, आर्थिक हितों और कल्याण के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए हैं।

उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से इमामों के मानदेय में बढ़ोतरी, हर साल वेतन वृद्धि और एक्सग्रेशिया योजना के तहत आश्रित परिवारों को नौकरी देने जैसे फैसले हुए हैं। इमामों और उलेमा की लंबे समय से लंबित मांगों पर भी सकारात्मक पहल की गई है।

मौलाना असरुद्दीन ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा सरकार, जाकिर हुसैन और मोहम्मद शाईन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि तंज़ीम से जुड़े सभी इमाम और उलेमा इन प्रयासों के लिए जाकिर हुसैन का सामूहिक रूप से सम्मान करना चाहते हैं।

उन्होंने प्रदेशभर के इमामों और उलेमा से 23 नवंबर को आयोजित समारोह में शामिल होने की अपील की। कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

Next Story