हरियाणा

कैथल में अवैध पटाखा निर्माण का खुलासा

Admindelhi1
5 Oct 2026 5:53 PM IST
कैथल में अवैध पटाखा निर्माण का खुलासा
x
छापे के दौरान दो आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े

कैथल: गांव बाता में बिना लाइसेंस और परमिट के पटाखे तैयार करने की सूचना पर सीआईए कलायत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो वाहनों में रखी 134 पेटियां अवैध पटाखे बरामद की हैं। इसके अलावा मौके से पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल और पैकिंग सामग्री भी बरामद हुई है।

सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार के अनुसार, पीएसआई मंजीत कुमार की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गांव बाता में एक छोटा हाथी वाहन से पटाखों की पेटियां बाहर बेचने के लिए ले जाई जा रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने बाता फ्लाईओवर के नीचे अंडरब्रिज से तितरम की ओर जाने वाले रास्ते पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के गेट के सामने नाकाबंदी की।

कुछ देर बाद पुलिस ने गांव बाता की ओर से आ रहे छोटा हाथी वाहन को रुकवाया। वाहन की जांच के दौरान उसमें 84 पेटियां पटाखे बरामद हुईं। वाहन में सवार गांव बाता निवासी अंकित और सोमपाल से पटाखों के लाइसेंस व परमिट के बारे में पूछा गया, लेकिन वे कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके।

पुलिस की सूचना पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने पटाखों की जांच की, जिसमें पेटियों में विस्फोटक पदार्थ होने की पुष्टि हुई। इसके बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कलायत में मामला दर्ज किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने गांव बाता में अवैध रूप से पटाखे तैयार करने की फैक्ट्री चलाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। वहां एक अन्य वाहन से 50 पेटियां अवैध पटाखे बरामद हुईं। साथ ही फैक्ट्री से पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल और पैकिंग सामग्री भी बड़ी मात्रा में मिली। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।

Next Story