
हिसार: अग्रोहा स्थित ओ३म् लाइब्रेरी में गौपुत्र दल के तत्वावधान में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं प्रख्यात आईएएस अधिकारी परी बिश्नोई ने शिक्षा, खेल, रक्तदान, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, कला, आयुर्वेद और जीव रक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली स्थानीय प्रतिभाओं को सम्मानित किया।
विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वालों को मिला सम्मान
समारोह के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में मोनिका और शीला, रक्तदान के लिए कृष्ण मुरारी और राजकुमार, पर्यावरण संरक्षण के लिए मंगत राम और अनिल बिश्नोई तथा कला के क्षेत्र में राजकुमार को सम्मानित किया गया। इसी तरह खेल जगत में योगदान के लिए अमीन भुम्बक कुलेरी, आयुर्वेद के क्षेत्र में कपूर चंद और जीव रक्षा के लिए समर्पित टिंकू व पाला राम को मुख्य अतिथि ने सम्मान प्रदान किया।
समाजसेवा के लिए युवाओं को प्रेरित करने पर जोर
कार्यक्रम में वक्ता सुनील क्रांतिकारी ने कहा कि समाज में सक्रिय और प्रतिभाशाली लोगों को सम्मानित करने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को समाजहित के कार्यों में आगे आने और सेवा, समर्पण तथा रचनात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं।
समारोह में डीएसपी किशोरी लाल, थाना प्रभारी ईश्वर, काजला के पूर्व सरपंच पवन कुमार, प्रदेश सचिव प्रमोद स्वामी, जिला अध्यक्ष संदीप गैबीपुर, स्टार प्रचारक श्याम सुंदर नाथ सहित टिंकू, अमन, गोबिंद, गुरमेश और क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





