
सोनीपत: हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन अपनी समस्याएं लेकर सरकारी कार्यालयों में भरोसे के साथ आते हैं। ऐसे में प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता और तय समय में उसका समाधान किया जाए। शिकायतकर्ता को अपनी समस्या के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अधिकारियों और कर्मचारियों का व्यवहार भी शिकायतकर्ताओं के प्रति अच्छा होना चाहिए। भविष्य में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही से शिकायत के समाधान में देरी की बात सामने आई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा मंत्री मंगलवार को लघु सचिवालय में जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में कुल 16 शिकायतों की सुनवाई हुई। इनमें सात शिकायतों का मौके पर समाधान कराया गया, जबकि नौ शिकायतों को लंबित रखते हुए संबंधित अधिकारियों को अगली बैठक तक जरूरी कार्रवाई पूरी कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उनकी वास्तविक स्थिति की जांच कर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
सेक्टर-16 स्थित रंगोली बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत पर मंत्री ने अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने पुलिस और जिला नगर योजनाकार को कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। तहसीलदार को सोसायटी से संबंधित रजिस्ट्री पर रोक लगाने और अगली बैठक में पूरी रिपोर्ट पेश करने को कहा।
खान कॉलोनी में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों की शिकायत पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर कब्जे हटवाने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे स्वीकार नहीं होंगे।
शास्त्री कॉलोनी निवासी सुदेश ने बताया कि उसने मकान खरीदा है, जिसकी रजिस्ट्री उसके नाम हो चुकी है, लेकिन पुराने मालिक द्वारा बिजली बिल नहीं भरने के कारण कनेक्शन अपने नाम कराने में परेशानी आ रही है। मंत्री ने पुलिस को संबंधित व्यक्ति को बुलाकर एक सप्ताह में समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। गढ़ी बाला निवासी विशाल मोहन दहिया की जमीन संबंधी शिकायत पर जिला पंचायत एवं विकास अधिकारी को समाधान कराने को कहा गया। पांची जाटान निवासी पवन सिंह की धोखाधड़ी की शिकायत पर मंत्री ने पुलिस को एफआईआर में नामजद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, विधायक कृष्णा गहलावत, विधायक निखिल मदान, जिला परिषद चेयरपर्सन मोनिका दहिया, उपायुक्त नेहा सिंह, नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार, पुलिस उपायुक्त सोनाक्षी सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा सहित संबंधित अधिकारी और समिति सदस्य मौजूद रहे।





