हरियाणा

फरीदाबाद में जमकर खेली गई होली, केंद्रीय मंत्री समेत कई उद्योगपति शामिल

Kunti Dhruw
18 March 2022 4:08 PM GMT
फरीदाबाद में जमकर खेली गई होली, केंद्रीय मंत्री समेत कई उद्योगपति शामिल
x
औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में रंगों का त्योहार होली का उल्लास देखने को मिला।

नई दिल्ली। औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में रंगों का त्योहार होली का उल्लास देखने को मिला। गली-मोहल्लों में नाते रिश्तेदारों, आस-पड़ोस और यार दोस्तों ने एक दूसरे को रंग में रंगा। फरीदाबाद में मुख्य आयोजन आरडब्ल्यूए सेक्टर-14 ने किया। यहां होली मिलन समारोह में शहर की सरदारी एक साथ एक मंच पर नजर आई।

केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेंद्र गुप्ता, तिगांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश नागर, पृथला विधानसभा क्षेत्र के विधायक और हरियाणा भंडारण निगम के चेयरमैन नयन पाल रावत, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव अजय गौड़, भाजपा के जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, निवर्तमान उपमहापौर मनमोहन गर्ग ने एक साथ मंच साझा करते हुए सभी को होली की शुभकामनाएं दी।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि हम सब में किसी ना किसी बात और विचारों में भिन्नता हो सकती है, मतभेद हो सकते हैं पर हमारे बीच मनभेद नहीं है और न होने चाहिए। कार्यक्रम में पूर्व उद्योग मंत्री विपुल गोयल भी शामिल हुए, हालांकि उनका आगमन केंद्रीय राज्य मंत्री परिवहन मंत्री और विधायकों के जाने के बाद हुआ।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता लखन सिंगला भी पहुंचे। प्रसिद्ध उद्योगपति और औद्योगिक नगरी के भीष्म पितामह कहे जाने वाले लखानी अरमान ग्रुप के चेयरमैन केसी लखानी, प्रसिद्ध एडवोकेट डीपी भड़ाना, उद्योगपति एचके बत्रा कार्यक्रम में मौजूद थे।
सभी अतिथियों का स्वागत आरडब्ल्यूए के प्रधान वीरेंद्र मखीजा, प्रधान सेवक आर एस गांधी, पूर्व प्रधान सुनील गुलाटी, संजय गुलाटी, सांस्कृतिक कमेटी के चेयरमैन दिलीप वर्मा, रूपिंदर कौर, वीरेंद्र चक्रवर्ती, गोविंद कौशिक ने स्मृति चिन्ह भेंट करके शाल ओढ़ा कर किया।‌ कार्यक्रम में ब्रज क्षेत्र से आए हुए कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति से मन मोहा।
फरीदाबाद बन्नू बिरादरी के समारोह में श्याम कालड़ा ने भजनों से समां बांधा। फरीदाबाद बन्नू बिरादरी द्वारा शुक्रवार शाम को श्री सनातन धर्म मंदिर एनआइटी फरीदाबाद में आयोजित होली मिलन समारोह में शहर के प्रसिद्ध भजन गायक श्याम कालड़ा ने साथी कलाकार सुरेंद्र भाटिया, सीमा शर्मा और सीमा अरोड़ा के संग भजनों और होली के गीतों से समां बांध दिया।
मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सीमा त्रिखा, पीर जगन्नाथ, महंत योगी मंगलनाथ, गोस्वामी श्याम लाल, श्याम सुंदर कपूर, एसके सचदेवा, निवर्ततमान पार्षद मनोज नासवा, पूर्व टेस्ट खिलाड़ी अजय रतड़ा, राजन मुथरेजा शामिल हुए। अतिथियों का स्वागत प्रधान रमेश भाटिया महासचिव सुरेश भाटिया, वरिष्ठ उप प्रधान झांगी राम आहूजा, कोषाध्यक्ष कंवल नैन भाटिया, उपप्रधान सतीश भाटिया, सुनील भाटिया ने किया।


Next Story