हरियाणा

Hisar: एनएसएस अवार्ड से नवाजे गए एचएयू के यशपाल

Admindelhi1
11 Oct 2025 9:30 AM IST
Hisar: एनएसएस अवार्ड से नवाजे गए एचएयू के यशपाल
x

हिसार: हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय को लगातार एक के बाद एक उपलब्धियां हासिल हो रही हैं। विश्वविद्यालय को जहां शिक्षा, शोध, विस्तार के क्षेत्र में अपने अमूल्य योगदान के लिए जाना जाता है वहीं समाज सेवा के क्षेत्र में भी इसका नाम पीछे नहीं है। समाज सेवा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने पर विश्वविद्यालय के बीएससी (आनर्स)एग्रीकल्चर के दौरान किए गए उत्कृष्ठ कार्यों के लिए कृषि महाविद्यालय के छात्र यशपाल को वर्ष 2022-23 के लिए युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना पुरस्कार प्रदान किया गया। महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में यह पुरस्कार प्रदान किया। प्रशस्ति पत्र के अलावा उन्हें मेडल व 1 लाख रुपए का नकद पुरस्कार भी दिया गया। यशपाल को हरियाणा राज्य सरकार से वर्ष 2021-22 के लिए राज्य स्तर पर एनएसएस पुरस्कार भी मिला है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने शुक्रवार काे राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता यशपाल को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि गत 13 वर्षों के दौरान विश्वविद्यालय के स्वयंसेवकों ने 10 बार राष्ट्रीय एवं 9 बार राज्य स्तर पर अवार्ड प्राप्त किए हैं। उन्होंने कहा कि मन में दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत के कारण ही इंसान को लक्ष्य की प्राप्ति होती है, यशपाल की कड़ी मेहनत व लगन का ही फल है यह पुरस्कार। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय और विश्वविद्यालय परिवार के लिए यह बहुत गौरव की बात है। इस अवसर पर कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता व छात्र कल्याण निदेशक डॉ. एस.के. पाहुजा सहित विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर यशपाल को बधाई दी। कुलपति ने राष्ट्रीय सेवा योजना अवार्डी डॉ. भगत सिंह, एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. चन्द्रशेखर डागर, डॉ. दीपक कौशिक व डॉ. लोचन शर्मा को भी बधाई दी। ज्ञात रहे कि देश में कुल 40 लाख स्वयंसेवक है जिनमें से केवल 30 स्वयंसेवकों को ही यह अवार्ड मिलता है।

यशपाल हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के एक मेहनती और प्रतिबद्ध एनएसएस स्वयंसेवक हैं। सामाजिक क्षेत्र में एनएसएस के माध्यम से यशपाल ने अनेक बार रक्तदान शिविर, सामाजिक जागरूकता रैलियां, पर्यावरण जागरूकता रैलियां, स्वच्छता अभियान, टीकाकरण एवं स्वास्थ्य जांच शिविर, प्लास्टिक मुक्त भारत, नकद रहित लेनदेन व डिजीटल साक्षरता, पौधारोपण जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को आयोजित करवाया और इनमें बढ़ चढक़र भाग लिया

Next Story