हरियाणा

Hisar: नर्सिंग स्टाफ के विरोध प्रदर्शन से अस्पतालों में कामकाज प्रभावित

Admindelhi1
10 Jun 2026 11:08 AM IST
Hisar: नर्सिंग स्टाफ के विरोध प्रदर्शन से अस्पतालों में कामकाज प्रभावित
x
नर्सिंग स्टाफ ने मांगों को लेकर किया कार्य बहिष्कार

हिसार: हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया द्वारा नर्सिंग स्टाफ को लेकर की गई कथित टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को नागरिक अस्पताल में नर्सिंग कर्मचारियों ने पेन डाउन हड़ताल की। नर्सिंग स्टाफ ने चेयरपर्सन से सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए रोष प्रदर्शन किया। हड़ताल के दौरान कुछ समय के लिए स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित रहीं।

प्रदर्शन कर रहे नर्सिंग कर्मचारियों का कहना था कि महिला आयोग अध्यक्ष की टिप्पणी नर्सिंग अधिकारियों और कर्मचारियों की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली तथा अपमानजनक है। उनका कहना है कि एक वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी के पास अनेक प्रशासनिक और चिकित्सीय जिम्मेदारियां होती हैं, इसलिए हर समय हर स्थान पर मौजूद रहना संभव नहीं होता। ऐसे में पूरे नर्सिंग कैडर को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।

नर्सिंग एसोसिएशन हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष वनिता बांगड़ ने कहा कि संबंधित घटना बेहद दुखद है और पूरा नर्सिंग समुदाय पीड़ित बच्ची के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग स्टाफ चौबीसों घंटे मरीजों की सेवा में लगा रहता है और मरीजों के दर्द को सबसे करीब से महसूस करता है।

वनिता बांगड़ ने आरोप लगाया कि जांच के दौरान अस्पताल पहुंचीं रेणु भाटिया की टिप्पणी न केवल अनुचित थी, बल्कि इससे पूरे नर्सिंग समुदाय की प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग स्टाफ पर लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं और ऐसी बयानबाजी स्वीकार नहीं की जाएगी।

नर्सिंग कर्मचारियों ने मांग की कि रेणु भाटिया सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दें। इसके साथ ही उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग भी उठाई गई।

नर्सिंग स्टाफ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कर्मचारियों के अनुसार आगामी दिनों में दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल जारी रहेगी और मांगें पूरी नहीं होने पर इमरजेंसी सेवाओं के बहिष्कार जैसे कड़े कदम भी उठाए जा सकते हैं।

Next Story