Hisar: बिजली संकट पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, निगम कार्यालय के बाहर धरना

हिसार: नारनौंद उपमंडल के गांव राजथल में कई महीनों से बनी कम वोल्टेज की समस्या को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार सड़कों पर फूट पड़ा। समस्या का समाधान न होने से नाराज ग्रामीण गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में बिजली निगम कार्यालय पहुंच गए और वहां धरना शुरू कर दिया। इस दौरान महिलाओं ने एसडीओ के कार्यालय में बैठकर विरोध दर्ज कराया।
इससे पहले ग्रामीणों ने बुधवार रात हांसी-चंडीगढ़ मार्ग पर जाम लगाकर बिजली निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अधिकारियों से बातचीत कर जल्द समाधान का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई महीनों से गांव में कम वोल्टेज के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बिजली के उपकरण खराब हो रहे हैं और भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि पहले गांव को नारनौंद बिजली घर से आपूर्ति मिलती थी, जिससे पर्याप्त वोल्टेज रहती थी। लेकिन बाद में लाइन को बुडाना बिजली घर से जोड़ दिए जाने के बाद से समस्या लगातार बनी हुई है। कई बार अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
धरने के दौरान थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से शांतिपूर्वक बातचीत की। बिजली निगम के एक्सईएन ने भी फोन पर प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी पुरानी मांग पर अड़े रहे कि गांव की बिजली आपूर्ति दोबारा नारनौंद से ही जोड़ी जाए।
इस संबंध में बिजली निगम नारनौंद के एसडीओ प्रदीप हुड्डा से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि गांव में कम वोल्टेज की समस्या है। उनकी लाइन को नारनौंद से जोड़ दिया जाएगा। तब तक गांव को 20 घंटे बिजली की सप्लाई दी जाएगी।





