हरियाणा

Hisar: शव रखकर सड़क जाम, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग

Admindelhi1
15 Jun 2026 10:23 AM IST
Hisar: शव रखकर सड़क जाम, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग
x
पुलिस थाने के बाहर शव रखकर विरोध, यातायात प्रभावित

हिसार: बरवाला थाना क्षेत्र के गांव खरकड़ा निवासी करीब 40 वर्षीय बिंटू की तबीयत बिगड़ने के बाद हुई मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बरवाला थाना के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जांच अधिकारी पर कार्रवाई की मांग की।

परिजनों का आरोप है कि एक पारिवारिक विवाद से जुड़े मामले में शुक्रवार को बिंटू सहित कुछ लोगों को पूछताछ के लिए बरवाला थाना बुलाया गया था। उनका कहना है कि पूछताछ के दौरान बिंटू को लंबे समय तक थाने में बैठाए रखा गया और उसे पानी तक नहीं दिया गया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई।

परिजनों के अनुसार, घर लौटने के बाद बिंटू की हालत गंभीर हो गई। पहले उसे बरवाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मौत के बाद रविवार सुबह परिजन और ग्रामीण शव को लेकर बरवाला थाना पहुंचे और मुख्य द्वार के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस की कथित प्रताड़ना और अनावश्यक पूछताछ के कारण बिंटू की तबीयत बिगड़ी, जिससे उसकी जान चली गई।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौके पर पहुंचे। काफी देर तक चली बातचीत और समझाइश के बाद स्थिति शांत हुई। इसके बाद परिजन शव को गांव खरकड़ा ले गए, जहां उसका अंतिम संस्कार किया गया।

वहीं, पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान किसी प्रकार की प्रताड़ना नहीं दी गई और न ही कोई लापरवाही बरती गई। अधिकारियों के अनुसार बातचीत के बाद परिजन संतुष्ट होकर अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो गए। मामले को लेकर पुलिस अपने स्तर पर आवश्यक जांच कर रही है।

Next Story