हरियाणा

Hisar: उकलाना विधानसभा में सबसे अधिक वोटर, हिसार में सबसे कम

Admindelhi1
1 Aug 2026 10:36 AM IST
Hisar: उकलाना विधानसभा में सबसे अधिक वोटर, हिसार में सबसे कम
x
हिसार जिले की सीटों का समीकरण बदला, उकलाना सबसे बड़ी

हिसार: जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची जारी होने के साथ ही जिले की चुनावी तस्वीर भी साफ हो गई है। आंकड़ों के अनुसार उकलाना (आरक्षित) विधानसभा जिले की सबसे बड़ी विधानसभा बनकर उभरी है, जबकि हिसार विधानसभा में सबसे कम मतदाता दर्ज किए गए हैं।

जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से शुक्रवार को जारी प्रारूप सूची के अनुसार जिले में कुल 8 लाख 24 हजार 311 मतदाता हैं। इनमें 4 लाख 37 हजार 615 पुरुष, 3 लाख 86 हजार 686 महिलाएं और 10 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

सबसे अधिक मतदाता उकलाना विधानसभा में 1 लाख 89 हजार 848 हैं। इसके बाद बरवाला में 1 लाख 70 हजार 667, आदमपुर में 1 लाख 63 हजार 703, नलवा में 1 लाख 59 हजार 454 और हिसार विधानसभा में 1 लाख 40 हजार 639 मतदाता दर्ज किए गए हैं।

राजनीतिक दृष्टि से इन आंकड़ों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि बड़ी मतदाता संख्या वाले क्षेत्रों में चुनावी समीकरण और प्रचार रणनीति भी अलग होती है। वहीं कम मतदाता संख्या वाले क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत का असर परिणामों पर अधिक दिखाई देता है।

निर्वाचन विभाग ने प्रारूप मतदाता सूची जारी होने के साथ ही 31 जुलाई से 30 अगस्त तक दावे और आपत्तियां आमंत्रित की हैं। इस अवधि में नए मतदाता अपना नाम जुड़वा सकते हैं और मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि का सुधार भी कराया जा सकता है।

जिला प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा सभी दावों और आपत्तियों का निर्धारित समय सीमा में निपटारा किया जाए।

Next Story