Hisar: अल्प्राजोलम तस्करी के आरोप में महिला समेत दो गिरफ्तार

हिसार: नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल टीम ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 9570 प्रतिबंधित अल्प्राजोलम गोलियां बरामद कर एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी इंस्पेक्टर जितेन्द्र ने रविवार को बताया कि पहली कार्रवाई में एएसआई शक्ति सिंह अपनी टीम के साथ महाबीर कॉलोनी स्थित रामलीला मैदान के पास गश्त कर रहे थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने एक महिला को काबू किया। महिला सिर पर गत्ते का कार्टून रखकर जा रही थी। तलाशी लेने पर कार्टून से 9420 अल्प्राजोलम गोलियां बरामद हुईं, जिनका वजन 942 ग्राम था। आरोपी महिला की पहचान महाबीर कॉलोनी निवासी शालू के रूप में हुई। उसके खिलाफ एचटीएम थाना में मामला दर्ज किया गया है।
दूसरी कार्रवाई में एएसआई जगदीश चंद्र की टीम ने क्लोथ मार्केट के पास एक आरोपी को काबू कर 150 अल्प्राजोलम गोलियां बरामद कीं। इनका वजन 15 ग्राम 300 मिलीग्राम था। आरोपी की पहचान चंदन नगर निवासी जोगिन्द्र के रूप में हुई। उसके खिलाफ शहर थाना में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ करते हुए नशीली गोलियों के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाएगी।





