Hisar: हिसार-अग्रोहा के बीच परिवहन व्यवस्था होगी बेहतर, शुरू होगी ई-बस सेवा

हिसार: हिसार से अग्रोहा के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। हरियाणा रोडवेज का हिसार डिपो गुरुवार से हिसार-अग्रोहा रूट पर इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा शुरू करने जा रहा है। इस सुविधा से विद्यार्थियों, कर्मचारियों, मरीजों और रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा।
नई सिटी बस सेवा शुरू होने से लोगों को सस्ती, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही निजी वाहनों पर निर्भरता भी कम होने की उम्मीद है।
रोडवेज के अनुसार, सिटी बस सेवा सुबह 6:30 बजे से शुरू होगी और दिनभर निर्धारित समय के अनुसार हिसार और अग्रोहा के बीच संचालित की जाएगी। हिसार से चार तथा अग्रोहा से चार फेरे लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को नियमित अंतराल पर बस सुविधा मिल सकेगी।
बस सेवा का न्यूनतम किराया 10 रुपये और अधिकतम किराया 45 रुपये निर्धारित किया गया है। खासकर अग्रोहा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों को इस सेवा से बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
हिसार और अग्रोहा के बीच प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार और अन्य कार्यों के लिए आवागमन करते हैं। अब तक यात्रियों को निजी वाहनों या अन्य साधनों पर निर्भर रहना पड़ता था। रोडवेज की इस पहल से उनकी यात्रा आसान और किफायती होगी।
यात्रियों की मांग पर शुरू की जा रही सेवा : टीएम
यातायात प्रबंधक प्रीतम कुमार ने बताया कि यात्रियों की मांग और क्षेत्र की जरूरत को देखते हुए हिसार-अग्रोहा रूट पर इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो भविष्य में बसों के फेरों में भी वृद्धि की जा सकती है।
यह रहेगा बसों का समय
सुबह 6:30 बजे हिसार से प्रस्थान, 7:30 बजे अग्रोहा से वापसी
सुबह 8:30 बजे हिसार से प्रस्थान, 9:30 बजे अग्रोहा से वापसी
दोपहर 12:30 बजे हिसार से प्रस्थान, 1:30 बजे अग्रोहा से वापसी
दोपहर 2:30 बजे हिसार से प्रस्थान, 3:30 बजे अग्रोहा से वापसी
किराया दरें
हिसार बस अड्डा से सिविल अस्पताल, सेक्टर-14, सिरसा चुंगी और बगला मोड़ तक: 10 रुपये
बीएसएफ कैंप तक: 25 रुपये
दुर्जनपुर तक: 30 रुपये
चिकनवास और लांधड़ी तक: 35 रुपये
अग्रोहा मोड़, अग्रोहा बस अड्डा और अग्रोहा मेडिकल कॉलेज तक: 45 रुपये
रोडवेज अधिकारियों को उम्मीद है कि नई इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा से हिसार-अग्रोहा क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और मजबूत होगी।





