हरियाणा

Hisar: 11 दिन से जारी है धरना, जीवन कुंडू के अंतिम संस्कार पर नहीं बनी सहमति

Admindelhi1
14 Aug 2026 9:34 AM IST
Hisar: 11 दिन से जारी है धरना, जीवन कुंडू के अंतिम संस्कार पर नहीं बनी सहमति
x
जीवन कुंडू का अंतिम संस्कार नहीं हुआ, 11 दिन बाद भी प्रदर्शन जारी

हिसार: शहर के सूर्य नगर में डेयरी चलाने वाले युवक जीवन कुंडू की हत्या के 11 दिन बाद भी उसका अंतिम संस्कार नहीं हो पाया है। शव अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के शव गृह में रखा है। मृतक के परिजन व खाप पंचायतें मुख्य आरोपी सहित सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बिना अंतिम संस्कार को तैयार नहीं हैं।

बहुचर्चित जीवन कुंडू हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। खाप पंचायतों और किसान संगठनों की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दिए गए 13 अगस्त के अल्टीमेटम के आखिरी दिन पुलिस ने भाटला निवासी गजेंद्र उर्फ गज्जू पंडित, सिंघवा राघो निवासी साहिल और बास बादशाहपुर निवासी भानु कुमार उर्फ रोहित को काबू किया है। अभी तक मृतक जीवन कुंडू का अंतिम संस्कार नहीं हो पाया है और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों व खाप पंचायतों का लघु सचिवालय के बाहर धरना जारी है। शुक्रवार को उन्होंने टोल जाम करने का ऐलान किया हुआ है।

गुरुवार देर सायं हिसार रेंज के आईजी कुलदीप कुमार ने भी धरनारत लोगों से बातचीत की और उन्हें कार्रवाई का पूरा ब्यौरा दिया, लेकिन टोल जाम टालने व मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का विरोध रोकने पर सहमति नहीं बन पाई। परिजनों के अनुसार आईजी ने बताया कि तीन आरोपी और पकड़े गए हैं, लेकिन मुख्य आरोपी अभी बाहर है। ऐसे में उनके अनुसार कोई नई बात सामने नहीं आई है और टोल जाम करने व मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का विरोध करने का फैसला अटल है।

पुलिस ने अभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जगह का खुलासा नहीं किया है। तीनों की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या सात हो गई है। वहीं, हत्याकांड का मुख्य आरोपी सूर्य नगर निवासी रमेश शर्मा अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। रमेश शर्मा की गिरफ्तारी पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार मुख्य आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिद्धांत जैन के मार्गदर्शन में 10 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें हरियाणा के अलावा पड़ोसी राज्यों में भी आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

10 टीमों ने कई राज्यों में दी दबिश

जीवन कुंडू हत्याकांड में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर रखी है। 10 विशेष टीमें अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने सभी वांछित आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया है, ताकि कोई आरोपी देश से बाहर भागकर कानून के शिकंजे से बच न सके। पुलिस आरोपियों की गतिविधियों और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार नजर रख रही है।

जीवन कुंडू हत्याकांड को लेकर खाप पंचायतें व किसान संगठन आंदोलन कर रहे हैं। संगठनों ने पुलिस को सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 13 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया था। अल्टीमेटम की समयसीमा खत्म होने से ठीक पहले तीन आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। अब गजेंद्र उर्फ गज्जू पंडित, साहिल और भानु कुमार उर्फ रोहित की गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की कुल संख्या सात हो गई है। पुलिस अब मुख्य आरोपी रमेश शर्मा समेत अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चला रही है।

Next Story