Hisar: गुरु जंभेश्वर महाराज के आदर्शों से युवाओं को रोजगार से जोड़ रही सरकार: नायब सैनी

हिसार: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि उच्च शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्रियां बांटना नहीं, बल्कि ऐसे चरित्रवान, संवेदनशील और जागरूक नागरिक तैयार करना है, जो तकनीकी रूप से सक्षम होने के साथ-साथ अपनी संस्कृति और प्रकृति के प्रति भी सजग हों।
रविवार को गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने 7 करोड़ 58 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 6 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कन्या छात्रावास का शिलान्यास, 1.40 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नर्सिंग विभाग भवन का उद्घाटन तथा 18 लाख रुपये की लागत से बने खेजड़ली महाबलिदान स्मृति शिल्प एवं माता अमृता देवी सर्कल का लोकार्पण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय के नर्सिंग ब्लॉक का नाम विश्वविद्यालय के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी भजनलाल के नाम पर रखने की घोषणा भी की।
उन्होंने गुरु जंभेश्वर महाराज और बिश्नोई समाज का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति का विशेष महत्व है। गुरु जंभेश्वर महाराज ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, जिसे राज्य सरकार विकास और पर्यावरण के संतुलन के साथ आगे बढ़ा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु जंभेश्वर महाराज द्वारा प्रतिपादित 29 नियम केवल धार्मिक अनुशासन नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, जैव विविधता, पशु संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता, संयम और नैतिक जीवन के सार्वभौमिक सिद्धांत हैं, जो आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने पांच सौ वर्ष पहले थे।
उन्होंने कहा कि भारत की सभ्यता का मूल स्वर प्रकृति के साथ आत्मीय संबंध का रहा है। ऐसे समय में जब दुनिया के अधिकांश हिस्सों में प्रकृति को केवल संसाधन के रूप में देखा जाता था, गुरु जंभेश्वर महाराज ने उसे जीवन का आधार और लोककल्याण का माध्यम बताया।
समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि गुरु जंभेश्वर महाराज ने पर्यावरण संरक्षण की जो मुहिम शुरू की थी, उसे आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने शिक्षा और तकनीकी क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा, विधायक सावित्री जिंदल, रणधीर पनिहार और विनोद भयाना, मेयर प्रवीण पोपली, पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई, पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, पूर्व विधायक दूड़ाराम, स्वामी डॉ. सचिदानंद आचार्य, आशा खेजड़, जीजेयू के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई तथा हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी.आर. कंबोज सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।





