हरियाणा

हिसार टीम की शानदार जीत, अंडर-14 में मिला स्वर्ण

Admindelhi1
7 Oct 2026 10:54 AM IST
हिसार टीम की शानदार जीत, अंडर-14 में मिला स्वर्ण
x
अमन की व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक जीत

हिसार: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ स्थित हरीश चंद्र पब्लिक स्कूल में आयोजित सीबीएसई नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप में दादी गोरी तीरंदाजी सेंटर, मंगाली के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। अंडर-14 आयु वर्ग की टीम स्पर्धा में दादी गोरी तीरंदाजी सेंटर की टीम ने बेहतरीन तालमेल और सटीक निशानेबाजी के दम पर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। विजेता टीम में अमन, योगेश, अभिनव और मयंक शामिल रहे।

टीम स्पर्धा में स्वर्णिम सफलता के साथ सेंटर के होनहार खिलाड़ी अमन ने अंडर-14 व्यक्तिगत स्पर्धा में भी शानदार प्रदर्शन किया और कांस्य पदक हासिल किया। दोहरी सफलता से दादी गोरी तीरंदाजी सेंटर में खुशी का माहौल है।

मेडल सेरेमनी और वापसी की ट्रेन का समय एक ही होने के कारण टीम के अधिकारी मेडल सेरेमनी में शामिल नहीं हो सके। इसके बाद कोच गोविंद बिश्नोई ने वापसी के दौरान ट्रेन में ही सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

Next Story