
हिसार: शहर के दयानंद कॉलेज में वाणिज विभाग की ओर से जीएसटी फाइलिंग एंड कंप्लायंस विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में आईईसीएस कंप्यूटर एजुकेशन के वरिष्ठ प्रशिक्षक रजत नागपाल पहुंचे।
कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विक्रमजीत सिंह ने गुरुवार काे कहा कि जीएसटी कार्यशाला के आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कर संरचना में लगातार होने वाले बदलावों, अनुपालन नियमों और इनपुट टैक्स क्रेडिट की बारीकियों से अवगत कराना है। महाविद्यालय के प्राचार्य ने इस कार्यशाला की सफलता के लिए शुभकामनाएं अभिव्यक्त की।
वाणिज्य विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. रेनू राठी ने कार्यशाला में उपस्थित सभी अतिथियों व विद्यार्थियों का स्वागत किया तथा प्रशिक्षक को स्मृति चिन्ह व प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यशाला के प्रथम दिन विद्यार्थियो ने व्यावसायिक कौशल के अंतर्गत वित्तीय लेन -देन, टैक्सेशन नियमों, दरों और फाइलिंग प्रक्रिया में समय-समय पर होने वाले बदलाव के बारे में सीखा। दूसरे दिन विद्यार्थियों को छोटे व्यवसायों को रिटर्न दाखिल करने, टैक्स फाइलिंग और अन्य जटिल प्रक्रियाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर वाणिज्य विभाग के सभी अध्यापकगण व विद्यार्थी उपस्थित रहे।





