हरियाणा

Hisar: स्वामी दीप्तानंद कन्या गुरुकुल की छात्राओं का खेलों में शानदार प्रदर्शन

Admindelhi1
23 July 2026 9:38 AM IST
Hisar: स्वामी दीप्तानंद कन्या गुरुकुल की छात्राओं का खेलों में शानदार प्रदर्शन
x

हिसार: स्वामी दीप्तानंद कन्या गुरुकुल, घिराय की छात्राओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा, अनुशासन और कड़ी मेहनत के दम पर खेल जगत में शानदार प्रदर्शन करते हुए गुरुकुल, गांव घिराय तथा जिले का नाम गौरवान्वित किया है। हरियाणा सरकार की ओर से आयोजित खंड स्तरीय इंटर स्कूल खेल प्रतियोगिताओं में गुरुकुल की छात्राओं ने विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

गुरुकुल की प्राचार्या सुनीता आर्या ने बुधवार को बताया कि उमरा में आयोजित दो दिवसीय इंटर स्कूल खेल प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने बेहतरीन खेल भावना, टीम वर्क और अनुशासित प्रदर्शन का परिचय दिया। प्रतियोगिता के दौरान गुरुकुल की अंडर-14 कबड्डी टीम ने सभी मुकाबलों में जीत दर्ज कर प्रथम स्थान हासिल किया।

उन्होंने बताया कि कबड्डी के साथ-साथ एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भी गुरुकुल की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अंडर-19 शॉटपुट स्पर्धा में छात्रा पारुल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ा।

कबड्डी टीम में प्रिया शर्मा, पल्लवी दनोदा, रीत घिराय, प्रीत घिराय, तनु घिराय, अंशु घिराय, गुरुवाणी (पानीपत), तृषा (समालखा), महक (न्यौली कलां) और मनप्रीत (मिर्जापुर) शामिल रहीं।

प्राचार्या सुनीता आर्या ने विजेता छात्राओं, उनके अभिभावकों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि गुरुकुल में शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व दिया जाता है। छात्राओं को नियमित प्रशिक्षण, अनुशासित वातावरण और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, जिसके परिणामस्वरूप वे लगातार जिला और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि गुरुकुल की छात्राएं भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी।

गुरुकुल प्रधान राजकुमार आर्य एवं प्रबंधन ने सभी विजेता छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

Next Story